एसआईआर जांच पर गृह मंत्री विजय शर्मा का कड़ा बयान, बोले – घुसपैठियों को कान पकड़कर बाहर निकालेंगे
रायपुर। एसआईआर (विशेष जांच रिपोर्ट) को लेकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जांच के दौरान यदि प्रदेश में घुसपैठ कर रह रहे लोगों का पता चलता है, तो उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा-
“ऐसे लोगों को कान पकड़कर राज्य से बाहर निकालेंगे और जरूरत पड़ी तो बांग्लादेश भेजेंगे।”
यह भी पढ़े :- मैग्नेटो मॉल कांड: FIR के विरोध में बजरंग दल का चक्काजाम, तेलीबांधा थाना घिरा
गृह मंत्री ने कहा कि इस मामले में जांच पूरी गंभीरता से की जाएगी और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
मुस्लिम समाज के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया
पुलिस कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समुदाय के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा—
“जांच में सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है। कानून सबके लिए समान है। जांच में बाधा डालना किसी भी रूप में उचित नहीं।”
उन्होंने कहा कि पुलिस किसी के भी खिलाफ हो रही पड़ताल में अपना अधिकारिक कर्तव्य निभा रही है।
मैग्नेटो मॉल मामले में भी सख्त कार्रवाई के संकेत
मैग्नेटो मॉल तोड़फोड़ प्रकरण में बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा गिरफ्तारी देने पर उन्होंने कहा-
“दोषी चाहे कोई भी हो, कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
गार्ड ऑफ ऑनर खत्म करने के फैसले का बचाव
राज्य सरकार द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर की परंपरा खत्म करने पर गृह मंत्री ने कहा कि अब इसकी कोई उपयोगिता नहीं रह गई है। “अनावश्यक सरकारी संसाधनों की खपत से बेहतर है कि जनता जनार्दन के हितों पर ध्यान दिया जाए।”



