Google Analytics —— Meta Pixel

दिग्विजय सिंह का पोस्ट विवादों में, पीएम की फोटो पर ‘जय सिया राम’ लिखकर भड़का सियासी माहौल

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक सियासत में हलचल पैदा कर दी है। शनिवार को उन्होंने सोशल साइट X (पूर्व में ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की और उसके साथ “जय सिया राम” लिखा, जिसे लेकर BJP और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

यह भी पढ़े :- एसआईआर जांच पर गृह मंत्री विजय शर्मा का कड़ा बयान, बोले – घुसपैठियों को कान पकड़कर बाहर निकालेंगे

क्या लिखा दिग्विजय ने?

दिग्विजय सिंह ने पोस्ट में लिखा कि उन्हें यह तस्वीर Quora पर मिली है। उन्होंने इसमें दिखाई गई तस्वीर का संदर्भ देते हुए कहा:- “कैसे RSS का एक जमीनी सेवक और जनसंघ-भाजपा का एक कार्यकर्ता नेताओं के पैरों में बैठकर राज्य का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बन गया — यह संगठन की शक्ति है। जय सिया राम।”

उन्होंने इसे संगठनात्मक ताकत का उदाहरण बताया और कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक शक्ति उसके कैडर व संगठन से आती है।

दिग्विजय की सफाई

पोस्ट के बाद विवाद बढ़ने पर दिग्विजय सिंह ने सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य RSS या नरेंद्र मोदी की तारीफ नहीं करना था:

“मैं RSS और मोदी का घोर विरोधी हूं। मैंने केवल संगठन की बात की है। संगठन को मजबूत करना बुरी बात नहीं है।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने यह अपने CWC (कांग्रेस वर्किंग कमेटी) की बैठक में भी कहा है और कांग्रेस में संगठनात्मक सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया है।

कांग्रेस के अंदर सुधार की बात भी कही

दिग्विजय ने पार्टी के भीतर संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा कि राहुल की सोच सामाजिक और आर्थिक मसलों पर सटीक है, लेकिन अब पार्टी को संरचनात्मक सुधार और विकेंद्रीकरण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इसमें सक्षम हैं।

BJP की प्रतिक्रिया

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिग्विजय के पोस्ट को कांग्रेस में भीतरी बगावत करार दिया। उन्होंने कहा कि BJP की कार्यप्रणाली में एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी प्रतिभा से शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है।

सुधांशु ने तंज कसा:

“दिग्विजय सिंह जी ने राजनीति बहुत देखी है, अब शायद उन्हें समझ आ रहा है कि नरेंद्र मोदी ‘ग़द्दारी के लाल’ नहीं बल्कि कर्मशील नेतृत्व के प्रतीक हैं।”

उन्होंने राहुल गांधी की सोच पर व्यंग्य भी किया और कहा कि पूर्व अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी राहुल के दृष्टिकोण पर सवाल उठाए थे, फिर भी उन्हें अमेरिका के विश्वविद्यालयों में बुलाया जाता है।

Back to top button
error: Content is protected !!