Google Analytics —— Meta Pixel

विदेश नीति किसी पार्टी की नहीं, भारत की होती है: कांग्रेस सांसद शशि थरूर

Tharoor on Foreign Policy: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति भाजपा या कांग्रेस की नहीं, बल्कि पूरे देश की होती है। उन्होंने कहा कि अगर राजनीति में कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री की हार पर खुश होता है तो वह असल में भारत की हार की खुशी मना रहा होता है। थरूर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के शब्दों को याद करते हुए कहा कि अगर भारत मर गया, तो कौन जिएगा ? उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हितों के मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठकर सोचना जरूरी है।

यह भी पढ़ें:- दिग्विजय सिंह का पोस्ट विवादों में, पीएम की फोटो पर ‘जय सिया राम’ लिखकर भड़का सियासी माहौल

थरूर ने पाकिस्तान से आने वाले सुरक्षा खतरों को लेकर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी सैन्य रणनीति में बदलाव कर रहा है और अब वह हाइपरसोनिक मिसाइल तकनीक और छिपकर हमला करने की नीति पर ज्यादा जोर दे रहा है। थरूर के मुताबिक पाकिस्तान पहले ही ड्रोन, रॉकेट और मिसाइल हमलों का सहारा ले चुका है। अब वह और ज्यादा खतरनाक तकनीकों की ओर बढ़ रहा है। यह ऐसी रणनीति नहीं है, जिसे भारत नजरअंदाज कर सके। उन्होंने कहा कि भारत को इन खतरों को हल्के में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए। (Tharoor on Foreign Policy)

सेना के हाथ में असली सत्ता: थरूर

पाकिस्तान की आंतरिक स्थिति पर बात करते हुए शशि थरूर ने उसे बहुत समस्याग्रस्त देश बताया। उन्होंने कहा कि वहां नाम मात्र की सरकार है, जबकि वास्तविक शक्ति सेना के हाथों में है। थरूर ने कहा कि नीति निर्धारण में सेना का दबदबा है। राजनीतिक फैसले सैन्य नेतृत्व के हिसाब से होते हैं। यही स्थिति पाकिस्तान को और ज्यादा अस्थिर बनाती है। थरूर ने कहा कि पाकिस्तान की जीडीपी ग्रोथ करीब 2.7% है, जबकि भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7% से ज्यादा है। पाकिस्तान की कमजोर अर्थव्यवस्था उसे जोखिम भरे कदम उठाने के लिए उकसा सकती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अब टेक्सटाइल और कृषि जैसे उन क्षेत्रों में आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है, जहां भारत पहले से मजबूत है। इससे क्षेत्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।

अमेरिका और क्रिप्टो कनेक्शन 

कांग्रेस सांसद ने कहा कि पाकिस्तान ने अमेरिका को अपने खनिज संसाधनों तक पहुंच का प्रस्ताव दिया है। साथ ही क्रिप्टोकरेंसी से जुड़ा कारोबार ऐसी कंपनी को सौंपा गया है, जिसका संबंध जैकरी विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रम्प के बेटों से बताया जा रहा है। थरूर ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। सवाल यह नहीं है कि किसे काबू में किया जाए, बल्कि यह है कि उन देशों से कैसे निपटा जाए, जिन्हें नियंत्रित करना आसान नहीं है। शशि थरूर ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ऊर्जा संकट से जूझ रहा है। महंगाई बढ़ रही है। निवेशकों का भरोसा कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच रक्षा समझौतों पर चर्चा यह संकेत देती है कि बांग्लादेश भारत को दुश्मन के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है।

भारत के लिए स्थिर बांग्लादेश जरूरी: थरूर 

थरूर ने चेतावनी दी कि कुछ तत्व भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को अलग करने की धमकी दे रहे हैं। अलगाववादी ताकतों को पनाह दी जा रही है। जमात-ए-इस्लामी जैसी इस्लामिक ताकतों ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है। थरूर ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश के लिए बंदरगाह, रेल और ऊर्जा ग्रिड जैसी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजनाएं प्रस्तावित की हैं, जो बांग्लादेश के हित में हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि यह सब देश की स्थिरता पर निर्भर करता है। भारत के लिए एक शांत और स्थिर बांग्लादेश बेहद जरूरी है, क्योंकि अस्थिरता उसे भारत की सॉफ्ट अंडरबेली बना सकती है। (Tharoor on Foreign Policy)

शशि थरूर के पिछले चर्चित बयान

कुल मिलाकर शशि थरूर के ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब भारत की विदेश और सुरक्षा नीति को लेकर वैश्विक चुनौतियां तेजी से बदल रही हैं। थरूर ने साफ संकेत दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता देना जरूरी है। अब देखना होगा कि बदलते वैश्विक हालात में भारत किस रणनीति के साथ आगे बढ़ता है। इससे पहले 25 दिसंबर को कांग्रेस सांसद थरूर ने देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा था कि सीमाओं की सुरक्षा और इमिग्रेशन व्यवस्था संभालना सरकार की जिम्मेदारी है। वहीं 4 नवंबर को वंशवादी राजनीति पर लिखे अपने लेख में थरूर ने कहा था कि भारत में राजनीति एक तरह से फैमिली बिजनेस बन गई है और जब तक ऐसा रहेगा, लोकतंत्र का असली मतलब पूरा नहीं हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!