Google Analytics —— Meta Pixel

31 दिसंबर तक निपटा लें ये 4 जरूरी काम, नहीं तो हो सकता है बड़ा नुकसान

December 31st Last Date: साल 2025 के खत्म होने में अब सिर्फ कुछ दिन बचे हैं और 31 दिसंबर कई जरूरी कामों की आखिरी तारीख बनकर सामने आ रही है। अगर आप गाड़ी खरीदने, निवेश करने या टैक्स से जुड़े काम टाल रहे हैं तो यह आखिरी मौका है। दरअसल, 1 जनवरी से कई बदलाव होने वाले हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। 1 जनवरी से जहां गाड़ियों के दाम बढ़ने वाले हैं, वहीं छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में भी कटौती की आशंका है। इसके अलावा आधार-पैन लिंकिंग और इनकम टैक्स रिटर्न से जुड़े नियम भी सख्त हो जाएंगे।

यह भी पढ़ें:- विदेश नीति किसी पार्टी की नहीं, भारत की होती है: कांग्रेस सांसद शशि थरूर

31 दिसंबर तक सस्ती गाड़ी खरीदने का मौका

अगर आप कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो अगले पांच दिन बहुत अहम हैं। दरअसल, 1 जनवरी 2025 से कई ऑटो कंपनियां अपने वाहनों की कीमतें बढ़ाने जा रही हैं। MG मोटर ने कीमतें 2% तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। इससे MG हेक्टर करीब 38 हजार रुपए तक महंगी हो जाएगी। वहीं लग्जरी सेगमेंट में मर्सिडीज और BMW भी 2 से 3% तक दाम बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। कंपनियों का कहना है कि इनपुट कॉस्ट बढ़ने के चलते कीमतों में इजाफा किया जा रहा है। मारुति, टाटा, हुंडई जैसी कंपनियां भी जल्द कीमत बढ़ाने का ऐलान कर सकती हैं। ऐसे में अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं तो 31 दिसंबर से पहले बुकिंग या खरीदारी करने से अच्छी खासी बचत हो सकती है।

स्मॉल सेविंग्स स्कीम में निवेश का मौका

छोटी बचत योजनाओं में निवेश करने वालों के लिए भी यह अहम समय है। 31 दिसंबर तक इन योजनाओं की ब्याज दरों में कटौती का ऐलान हो सकता है। स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में कुल 11 योजनाएं शामिल हैं। 5 दिसंबर को RBI ने रेपो रेट 0.25% घटाकर 5.25% कर दिया है। रेपो रेट घटने से बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है, जिससे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें घट जाती हैं। सरकार हर तिमाही (जनवरी, अप्रैल, जुलाई, अक्टूबर) में इन दरों की समीक्षा करती है। अगर आप PPF, NSC, सुकन्या समृद्धि या दूसरी स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स में निवेश करना चाहते हैं तो मौजूदा ऊंची ब्याज दर का फायदा उठाने के लिए 31 दिसंबर से पहले निवेश करना बेहतर रहेगा। ऐसे में निवेश करने वालों के लिए अभी ज्यादा ब्याज पाने का मौका है।

आधार को पैन से लिंक करना जरूरी

जिन लोगों का आधार कार्ड 1 अक्टूबर 2024 या उससे पहले बना है, उन्हें 31 दिसंबर तक आधार को पैन से लिंक करना अनिवार्य है। अगर लिंक नहीं किया तो पैन कार्ड इनऑपरेटिव (निष्क्रिय) हो जाएगा। आप इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं कर पाएंगे। पेंडिंग रिफंड नहीं मिलेगा। बैंक अकाउंट, म्यूचुअल फंड और अन्य फाइनेंशियल कामों में दिक्कत आएगी। इसलिए आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आधार-पैन लिंक करा लेना जरूरी है। (December 31st Last Date)

ITR फाइल नहीं किया तो अटक सकता है रिफंड

अगर आपने अभी तक वित्त वर्ष 2024-25 का इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं किया है तो 31 दिसंबर तक यह काम जरूर निपटा लें। 31 दिसंबर 2025 तक लेट फीस के साथ ITR फाइल किया जा सकता है। तय समय पर रिटर्न फाइल नहीं करने पर नोटिस आ सकता है और जुर्माना भी लग सकता है। टैक्स एक्सपर्ट के मुताबिक 31 दिसंबर के बाद ITR फाइल करने पर टैक्स रिफंड का क्लेम नहीं किया जा सकता। रिफंड की राशि सरकार के पास चली जाती है। (December 31st Last Date)

लेट फीस का नियम

  • सालाना 5 लाख रुपए से कम इनकम: 1,000
  • सालाना 5 लाख या उससे ज्यादा इनकम: 5,000

ITR-U भरने पर देनी होगी ज्यादा पेनल्टी

अगर आप 31 दिसंबर के बाद ITR-U यानी अपडेटेड रिटर्न के जरिए टैक्स फाइल करते हैं तो अतिरिक्त टैक्स देना पड़ेगा। 12 महीने के भीतर कुल टैक्स का 25% अतिरिक्त, 24 महीने के भीतर कुल टैक्स का 50% अतिरिक्त और 36 से 48 महीने के भीतर 60% से 70% तक ज्यादा टैक्स देना होगा। ऐसे में 31 दिसंबर सिर्फ साल का आखिरी दिन नहीं, बल्कि कई जरूरी वित्तीय फैसलों की आखिरी तारीख भी है। गाड़ी खरीदनी हो, निवेश करना हो या टैक्स से जुड़े काम निपटाने हों। इन सब में देरी करना आपको आर्थिक नुकसान में डाल सकता है। ऐसे में बेहतर है कि इन सभी कामों को समय रहते पूरा कर लिया जाए। थोड़ी सी समझदारी आपको महंगे नुकसान से बचा सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!