Google Analytics —— Meta Pixel

आतंकवाद खत्म होते तक पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं करेंगे: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

Amit Shah in Nagaseni: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के पद्दार नागसेनी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने विभाजन के दिन देखें, 1990 में आतंकवाद के दिन देखें। चंद्रिका शर्मा हों या परिहार बंधु हों… सभी ने कुर्बानियां दीं। मैं इस क्षेत्र सहित जम्मू-कश्मीर की जनता से वादा करता हूं कि हम आतंकवाद को इतना नीचे दफन करेंगे कि कभी बाहर नहीं आ पाएगा। एनसी और कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में फिर से आतंक को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मोदी सरकार के तहत भारत में आतंकवाद के लिए न तो कोई जगह है और न ही कभी होगी।

यह भी पढ़ें:- मोदी सरकार आतंकवाद को पाताल तक दफना देगी: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

शाह ने कहा कि 1990 की तरह आज भी प्रयास हो रहे है, यहां आतंकवाद को फिर से मजबूत करने के। नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस ने यहां कुछ वादें किए हैं कि उनकी सरकार आएगी तो आतंकवादियों को छोड़ देंगे। मैं आप लोगों को कहता हूं कि ये नरेन्द्र मोदी सरकार है, किसी की हिम्मत नहीं है, भारत की भूमि पर आतंकवाद फैलाए। एनसी और कांग्रेस दावा कर रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे अनुच्छेद 370 को वापस लाएंगे। मैं आपको बता दूं कि अगर अनुच्छेद 370 को वापस लाया गया तो इससे गुज्जरों और पहाड़ियों को दिया जाने वाला आरक्षण खत्म हो जाएगा। (Amit Shah in Nagaseni)

धारा-370 अब इतिहास का पन्ना हो गई: शाह

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने जो धारा-370 हटाई, वो अब इतिहास का पन्ना हो गई है। भारत के संविधान में अब धारा-370 के लिए कोई जगह नहीं रह गई है। जम्मू कश्मीर में अब दो विधान, दो प्रधान और दो झंडे कभी नहीं हो सकते हैं। झंडा सिर्फ हमारा प्यारा तिरंगा होगा। जम्मू-कश्मीर का ये चुनाव स्पष्ट रूप से दो ताकतों के बीच है। एक ओर नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस है और दूसरी ओर भाजपा है। नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस कहती है कि अगर हमारी सरकार बनी तो धारा-370 को वापस लाएंगे। पहाड़ियों और गुर्जर भाइयों को जो आज आरक्षण मिला है, वो धारा-370 के रहते ​नहीं मिल सकता था। PM मोदी ने घाटी में वंशवाद को विकृत कर दिया है। (Amit Shah in Nagaseni)

आतंक से लैस जम्मू-कश्मीर बनाना चाहते हैं: शाह

उन्होंने कहा कि पंचायतों के चुनावों ने स्थानीय और अधिक योग्य लोगों को जमीनी स्तर पर निर्णय लेने का मौका दिया। एक ओर नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के लोग आतंक से लैस जम्मू-कश्मीर बनाना चाहते हैं, तो दूसरी ओर मोदी जी ‘विकसित कश्मीर’ बनाना चाहते हैं। धारा-370 हटने के बाद यहां ​की महिलाओं को जो आरक्षण मिला है, उसे वो (नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस) समाप्त करना चाहते हैं, तो वहीं मोदी जी महिलाओं के साथ गुर्जर, पहाड़ी, दलित और ओबीसी को भी आरक्षण का अधिकार देना चाहते हैं, जिस गठबंधन ने नेहरू-गांधी और अब्दुल्ला परिवार ने यहां आतंकवाद फैलाया, वो फिर से आपका आशीर्वाद लेना चाहते हैं। (Amit Shah in Nagaseni)

पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं करेंगे: शाह

उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन हमेशा से आतंकवाद का पोषक रहा है। जब-जब घाटी में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस की सरकार आई, तब-तब यहां आतंकवाद को बढ़ावा मिला है। याद कीजिए 90 के दशक को… मैं फारूक अब्दुल्ला से पूछना चाहता हूं कि आप यहां के मुख्यमंत्री थे, राजीव गांधी के साथ समझौता करके चुन कर आए। जब हमारी घाटी खून से लथपथ हो गईं तो आप कहां थे? कांग्रेस और अब्दुल्ला परिवार की तीन पुश्तों ने जम्मू-कश्मीर पर राज किया, लेकिन यहां की जनता को कुछ नहीं दिया। अब फिर से ये लोग पाकिस्तान के साथ बातचीत शुरू करना चाहते हैं, लेकिन जब तक आतंकवाद पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता, तब तक हम पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं करेंगे। बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में चुनाव का मोर्चा संभाला हुआ है, जो अलग-अलग विधानसभा में पहुंचकर सभा को संबोधित कर रहे हैं। (Amit Shah in Nagaseni)

Back to top button
error: Content is protected !!