राजस्थान में शुरू हुआ 199 सीटों पर मतदान, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

Rajasthan Election 2023:राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान शुरू हो चुका है। 200 सीटों में से 199 सीटों पर वोटिंग हो रही हैं। वोटिंग सुबह 7:00 शुरू हुई जो की शाम 6:00 तक चलेगी। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। दोनों ही दलों की ओर से आक्रामक चुनाव प्रचार किया गया। राजस्थान की 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। विधानसभा चुनाव को लेकर राजस्थान में जबरदस्त तरीके से सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुबह से ही कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इनमें 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता शामिल हैं, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं।

सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से इस बार भी अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, बीडी कल्ला, भंवर सिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास, राजेंद्र यादव, शकुंतला रावत, उदय लाल आंजना, महेंद्रजीत सिंह मालवीय तथा अशोक चांदना व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल हैं। वहीं भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया तथा सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन राठौड़, बाबा बालकनाथ व किरोड़ी लाल मीणा मैदान हैं। भाजपा ने कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा छह सांसदों और एक राज्यसभा सदस्य सहित 59 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने सात निर्दलीय विधायकों और एक भाजपा विधायक-शोभारानी कुशवाह, जिन्हें पिछले साल भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था, सहित 97 विधायकों को मैदान में उतारा है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में से एक पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा हैं, जो नागौर से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं।(Rajasthan Election 2023)

नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस पार्टी ने चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ चुनावी गठबंधन किया है। भाजपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2018 चुनाव की तरह अपने सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के लिए एक सीट -भरतपुर- छोड़ी है। भरतपुर सीट से आरएलडी के मौजूदा विधायक सुभाष गर्ग चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में इसके अलावा माकपा, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी, भारतीय ट्राइबल पार्टी, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम समेत कई पार्टियां भी मैदान मे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के 40 से अधिक बागी भी मैदान में हैं। मौजूदा विधानसभा की बात करें तो इस समय कांग्रेस के 107 विधायक, भाजपा के 70, आरएलपी के तीन, माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के 2-2, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक हैं। निर्दलीय विधायक 13 हैं जबकि दो दो सीटें (उदयपुर और करणपुर)खाली हैं। वहीं अधिकारियों के अनुसार, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं स्वतंत्र मतदान करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।(Rajasthan Election 2023)

Related Articles

Back to top button