प्लेबैक सिंगिंग से दूरी, लेकिन संगीत जारी, जानिए आगे क्या करेंगे अरिजीत सिंह ?

Arijit Singh Future Plans: प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कहने के बाद अरिजीत सिंह सोशल मीडिया और म्यूजिक इंडस्ट्री में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं, जहां फैंस इस फैसले से भावुक नजर आए। वहीं इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे एक साहसिक और सोच-समझकर लिया गया कदम बताया। अरिजीत सिंह ने मंगलवार रात सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि वह अब फिल्मों के लिए बतौर प्लेबैक सिंगर कोई नया काम नहीं करेंगे। हालांकि संगीत बनाना जारी रखेंगे। इस ऐलान के बाद से ही यह सवाल उठने लगा कि आगे अरिजीत क्या करने वाले हैं। इस बीच निर्देशक अनुराग बसु ने अरिजीत के भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया।
यह भी पढ़ें:- अरिजीत सिंह ने छोड़ी प्लेबैक सिंगिंग, जानिए उनकी म्यूजिकल जर्नी, जिसे लोगों ने सिर्फ सुना नहीं, जिया
अनुराग बसु ने कहा कि उन्हें अरिजीत के इस फैसले से कोई हैरानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि अरिजीत लंबे समय से फिल्म निर्माण में रुचि रखते हैं और ‘बर्फी’ के दौरान वह उनके असिस्टेंट के तौर पर भी काम करना चाहते थे। अनुराग के मुताबिक अरिजीत सिंगिंग से आगे जाकर कहानी कहने और फिल्म बनाने की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक अरिजीत सिंह ने अपनी पहली हिंदी फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है। यह एक जंगल एडवेंचर फिल्म बताई जा रही है, जिसमें नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग शांति निकेतन में चल रही है और इसकी स्क्रिप्ट अरिजीत सिंह ने अपनी पत्नी कोयल सिंह के साथ मिलकर लिखी है। (Arijit Singh Future Plans)
अंजन भट्टाचार्य ने दी जानकारी
अरिजीत के करीबी और संगीतकार अंजन भट्टाचार्य ने भी बताया कि यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया गया। अरिजीत लंबे समय से इस पर विचार कर रहे थे और अब उन्हें लगता है कि यही सही वक्त है। आने वाले समय में वह इंडिपेंडेंट म्यूजिक, ग्लोबल कोलेबोरेशन और लाइव कॉन्सर्ट्स पर ज्यादा फोकस करेंगे। अरिजीत 2027 में कई देशों के कलाकारों के साथ काम करेंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाएंगे। साथ ही दुनियाभर में लाइव शो भी करेंगे। इसके साथ वर्चुअल रियलिटी कॉन्सर्ट्स भी होंगे। वे फिल्मों से अलग हटकर अपने सोलो प्रोजेक्ट्स और फ्यूजन म्यूजिक पर भी काम करेंगे।
कई सेलेब्स ने दी प्रतिक्रिया
अरिजीत के फैसले पर कई सेलेब्स ने भी प्रतिक्रिया दी। सिंगर बी-प्राक ने लिखा- जिंदगी भर का फैन। वहीं रफ्तार ने कमेंट किया- सदियों में एक। सिंगर सोना मोहापात्रा ने इसे आजादी का फैसला बताते हुए कहा कि यह कदम न सिर्फ साहसिक है, बल्कि इंडस्ट्री के लिए एक जरूरी झटका भी है, जिससे नए और उभरते सुरों को जगह मिलेगी। फैंस के बीच भी इस फैसले को लेकर भावनाओं का सैलाब दिखा। किसी ने इसे म्यूजिक इंडस्ट्री के एक युग का अंत बताया तो किसी ने कहा कि अरिजीत का संगीत कभी खत्म नहीं हो सकता। कुल मिलाकर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग जरूर छोड़ी है, लेकिन उनका सफर थमा नहीं है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह संगीत और सिनेमा की दुनिया में किस नए रूप में सामने आते हैं। (Arijit Singh Future Plans)



