Assam Flood Latest Update: असम में बारिश और बाढ़ का कहर जारी, 25 जिलों में 11 लाख लोग हुए प्रभावित

Assam Flood Latest Update: असम और मेघालय में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ का कहर जारी है। नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। लोगों का जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के अधिकतर हिस्सों में भारी जलभराव हो गया है। वहीं बारिश के कारण असम के 25 जिलों में 11 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिसमें नवगठित बाजाली जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ें:- National Conference: मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ मॉडल पर प्रस्तुतिकरण, नीति आयोग ने की सराहना

अधिकारियों ने बताया कि मानस, पगलाड़िया, पुथिमारी, कोपिली, गौरांग और ब्रह्मपुत्र नदियों समेत कई क्षेत्रों में जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रहे हैं। बाढ़ के पानी ने बाढ़ प्रभावित जिलों में 19782.80 हेक्टेयर फसल भूमि को जलमग्न कर दिया है। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में 72 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 1 हजार 510 गांव जलमग्न हो चुका है। बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें। (Assam Flood Latest Update)

उन्होंने कहा कि आम जनता कोशिश करें कि जब तक बहुत जरूरी न हो या कोई मेडिकल इमरजेंसी न हो, तब तक घर में ही रहें। असम की राजधानी गुवाहाटी में लगातार तीसरे दिन हुई बारिश से ज्यादातर हिस्सों में जलजमाव हो गया है। गुवाहाटी शहर में कई भूस्खलन भी हुए हैं, जिसमें नूनमती क्षेत्र के अजंतानगर में तीन लोग घायल हो गए हैं। बक्सा जिले में बुधवार को लगातार बारिश और दिहिंग नदी का जलस्तर बढ़ने से सुबनखाटा इलाके में पुल का एक हिस्सा गिर गया।

अधिकारियों के मुताबिक असम के रंगिया डिवीजन के नलबाड़ी और घोगरापार के बीच पटरियों पर जलजमाव के बाद 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों की मदद के लिए बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और निर्देशक रोहित शेट्टी ने CM राहत कोष में 5 लाख का योगदान दिया है। इस बात की जनकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट के जरिए दी और उनके इस मदद के लिए धन्यवाद दिया। असम के सोनितपुर जिले में जिया भोरोली नदी में चार लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति लापता हो गया। जिले के एक अधिकारी ने बताया कि तीन लोगों को बचा लिया गया, लेकिन चौथे व्यक्ति का पता नहीं चल सका है।

असम में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिनमें निमटीघाट और धुबरी में ब्रह्मपुत्र, नागांव में कोपिली, कामरूप में पुथिमारी, नलबाड़ी में पगलादिया, बारपेटा में मानस और बेकी नदी शामिल हैं। केंद्रीय जल आयोग द्वारा जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बोंगाईगांव, डिब्रूगढ़, गोलपारा, कामरूप, कोकराझार, मोरीगांव, नलबाड़ी, सोनितपुर और दक्षिण सलमारा जैसे जिलों से भारी अपरदन की सूचना मिली है। बाढ़ की मौजूदा स्थिति के चलते 1 हजार 702 गांव प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते 68 हजार से अधिक लोगों को 150 राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर भोजन और दवा वितरण के लिए 46 राहत केंद्र खोले गए हैं। NDRF, SDRF, अग्निशमन और आपातकालीन सेवा के जवान, पुलिस और एएसडीएमए के स्वयंसेवक युद्धस्तर पर प्रभावित क्षेत्रों में निकासी अभियान चला रहे हैं।

मेघालय में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 6 के कुछ हिस्से धस गए। इसके बाद सरकार ने राजमार्ग को बंद कर दिया है। यह राजमार्ग त्रिपुरा, दक्षिणी असम, मिजोरम और मेघालय के कुछ हिस्सों को जोड़ता है। सरकार ने बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए एक चार समितियां बनाई हैं। हर समिति को एक कैबिनेट मंत्री लीड करेगा। कर्नाटक के धारवाड़, बेलगावी, बीदर और कोप्पल जिलों में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है। इससे कई एकड़ फसल पानी में डूब गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर कन्नड़ क्षेत्र में 20 जून तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। (Assam Flood Latest Update)

Related Articles

Back to top button