अतीक के कुनबे का एक और चिराग बुझा, सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत

Atiq Ahmed Son Death: उत्तर प्रदेश में माफिया से नेता बने अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। अबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहा था, तभी झांसी-कानपुर हाईवे पर उसकी तेज रफ्तार क्रेटा कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसा गुरुवार सुबह झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि प्रयागराज से झांसी के लिए निकली कार सुबह करीब 10.30 बजे हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 7 फीट तक हवा में उछल गई और उसके टुकड़े करीब 40 फीट तक सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद कार में सवार सभी पांच लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें:- स्कूलों के गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति का रास्ता खुला, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
पुलिस के मुताबिक कार की आगे वाली सीट पर बैठे अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य युवक उमर अहमद, मोहम्मद जैद और अहजम गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और एक घर से लोहे की रॉड लाकर दरवाजा तोड़ा। कार से एक युवक को बाहर निकाला गया, जिसके मुंह से खून निकल रहा था। युवक ने अपना नाम अबान बताया और कहा मुझे बचा लो इसके बाद वह बेहोश हो गया। इस सड़क हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि हाईवे पर अचानक एक बछड़ा आ गया था। उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने कार को मोड़ा, इसी दौरान सामने बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार फिर दूसरी तरफ मुड़ी और डिवाइडर से टकरा गई।

वहीं घायल उमर अहमद ने बताया कि हाईवे पर ईंट पड़ी हुई थी, जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई। झांसी पुलिस के मुताबिक हादसे के समय हाईवे गीला था और कार तेज रफ्तार में थी। कार चालक जैद वाहन को संभाल नहीं पाया और कार डिवाइडर से जा टकराई। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय अबान आगे की सीट पर बैठा था। टक्कर के बाद उसके सिर में गंभीर चोट आई और हाथ-पैर भी टूट गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अबान के शव को झांसी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को प्रयागराज में अतीक अहमद की कब्र के पास अबान को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अतीक अहमद के पांच बेटे थे। अबान उसका सबसे छोटा बेटा था। अतीक अहमद की कहानी में झांसी एक बार फिर बड़ा पड़ाव बना है। इससे पहले साल 2023 में अतीक का बेटा असद अहमद झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब इसी शहर जाते वक्त उसके छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। (Atiq Ahmed Son Death)

अतीक अहमद का परिवार अब पूरी तरह बिखर चुका है। अप्रैल 2023 में प्रयागराज में पुलिस कस्टडी के दौरान अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या हो गई थी। इसी साल अतीक के बेटे असद की झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। अतीक का बड़ा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, जबकि दूसरा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है। वहीं एक बेटा अहजम अहमद अपनी पढ़ाई कर रहा है। अब अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की भी सड़क हादसे में मौत हो गई है। अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन साल 2023 से फरार चल रही है। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। बेटे असद के एनकाउंटर और पति अतीक अहमद की हत्या के बाद भी शाइस्ता दोनों के जनाजे में शामिल नहीं हुई थी। वहीं अतीक के भाई अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा भी फरार है। अब अबान की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शाइस्ता परवीन अपने सबसे छोटे बेटे के जनाजे में शामिल होगी या नहीं।
उमेश पाल हत्याकांड के बाद बदला था परिवार का हाल
फरवरी 2023 में प्रयागराज में वकील उमेश पाल की हत्या के बाद अतीक अहमद का परिवार पुलिस जांच के घेरे में आया था। इसी मामले में गुजरात जेल में बंद अतीक अहमद और बरेली जेल में बंद उसके भाई अशरफ को प्रयागराज लाया गया था। इसके बाद 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल हत्याकांड के समय अबान और उसका भाई अहजम नाबालिग थे। पुलिस ने दोनों भाइयों को प्रयागराज के चकिया इलाके से बरामद कर बाल गृह भेजा था। दोनों करीब 221 दिन तक बाल गृह में रहे। बाद में बालिग होने के बाद बाल कल्याण समिति के आदेश पर दोनों को उनकी बुआ परवीन कुरैशी के सुपुर्द कर दिया गया था। रिहाई के बाद दोनों भाई अपने पिता अतीक अहमद और चाचा अशरफ की कब्र पर पहुंचे थे। अबान की मौत के बाद कुछ संगठनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। (Atiq Ahmed Son Death)




