Balodabazar News: जिले में हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़, मंदिर में नंदी की प्रतिमा तोड़ी, FIR दर्ज

बलौदाबाजार: जिले के लवन थाना अंतर्गत तिल्दा में भगवान शिव के मंदिर में स्थापित नंदी की प्रतिमा को तोड़ने और गायब करने का मामला सामने आया है। यह घटना 9 अक्टूबर की रात लगभग 1-2 बजे के बीच हुई, जिसकी रिपोर्ट ग्राम तिल्दा निवासी ललित कुमार केंवट ने लवन थाने में दर्ज कराई है। ललित ने बताया कि घटना वाली रात उनके छोटे भाई ने किसी चीज के टूटने की आवाज सुनी। जब वह बाहर गया तो देखा कि मंदिर से नंदी की प्रतिमा गायब थी। (Balodabazar News)
यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ को मिला टैक्स का 6 हजार 70 करोड़, सीएम ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
सुबह पूरे गांव में यह खबर फैल गई और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इस घटना की जानकारी अपने प्रखंड संयोजक विनय धींवर को दी। बजरंग दल के जिला सहसंयोजक विजय साहू और विनय धींवर ने तुरंत मौके का निरीक्षण किया और घटना की सूचना विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी और जिला मंत्री राजेश केशरवानी को दी। विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने ललित केंवट के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और चोरी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। (Balodabazar News)
विश्व हिंदू परिषद का बयान
विहिप के जिला अध्यक्ष अभिषेक (मिकी) तिवारी ने कहा कि प्रदेश में लगातार हिन्दू देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व और राष्ट्रविरोधी संगठन जानबूझकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 3-4 महीनों में जिले में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को खंडित करने के एक दर्जन से अधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश भर में सनातन धर्म विरोधी गतिविधियों में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन असामाजिक तत्वों पर नकेल नहीं कसी गई, तो कोई बड़ी साजिश हो सकती है। जिले में ऐसी घटनाओं को रोकने और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। (Balodabazar News)



