प्रधानमंत्री आवास सपनों को साकार करने वाली योजना: डिप्टी CM अरुण साव

Sao on PM Awas: डिप्टी CM अरुण साव बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित आवास मेला में शामिल हुए। उन्होंने जिले के 36 हजार 663 आवासहीन ग्रामीण परिवारों को आवास का स्वीकृति पत्र देकर खुशियों की गारंटी दी। डिप्टी CM ने ऐसे हितग्राही जिनके आवास पूरा हो चुके हैं, उन्हें प्रतीकात्मक रूप से घर की चाबी भी भेंट की। बिलासपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चेहरों की चमक देखते ही बन रही थी। त्यौहारों के मौसम में उनकी खुशियां दोगुनी हो गईं। विधायक धर्मजीत सिंह भी आवास मेला में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें:- Balodabazar News: जिले में हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़, मंदिर में नंदी की प्रतिमा तोड़ी, FIR दर्ज
डिप्टी CM अरुण साव ने आवास मेला को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना लोगों के सपनों को साकार करने वाली योजना है। हर गरीब के सपने को सरकार ने अपना सपना बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गरीबों के आवास का सपना पूरा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आवास योजना के तहत इस साल बिलासपुर जिले में 33 हजार 019 हितग्राहियों के लिए 132 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि स्वीकृत की गई है। राज्य सरकार की ओर से 18 लाख आवासहीन परिवारों को आवास की सौगात दी जा रही है। (Sao on PM Awas)

डिप्टी CM साव ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं। गांव, गरीब और किसान सरकार की प्राथमिकता में है। छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 दिसंबर को शपथ ली और 14 दिसंबर को 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के कार्यों की स्वीकृति दी। हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी बाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को 12 लाख किसानों के खातों में 3716 करोड़ रुपए की बोनस की बकाया राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में हमारी सरकार गांवों, गरीबों और किसानों की तरक्की के लिए प्रतिबद्ध है। साव ने आवास योजना में बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया। (Sao on PM Awas)

विधायक धर्मजीत सिंह ने आवास मेला में कहा कि दस साल पहले नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और उन्होंने लोगों के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम किया। अपना घर अपना होता है, और जब किसी को पक्का घर मिलता है तो उसकी जिंदगी का एक मकसद पूरा होता है। पूरे देश में लोगों के इस मकसद को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री कर रहे हैं। बिलासपुर जिला पंचायत के CEO आरपी चौहान ने कार्यक्रम में बताया कि चालू वित्तीय साल 2024-25 में जिले में 50 हजार 619 आवासों की स्वीकृति का लक्ष्य है। इनमें से अब तक 36 हजार 643 आवास स्वीकृत कर 33 हजार 019 आवासों के लिए पहली किस्त की राशि जारी की जा चुकी है। पहले स्वीकृत आवासों में 93 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण और नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आवास योजना के हितग्राही बड़ी संख्या में आवास मेला में मौजूद थे। (Sao on PM Awas)
हितग्राहियों ने बांटी अपनी खुशियां
आवास मेला में आवास स्वीकृति पत्र और नए घर की चाबी मिलने से हितग्राहियों के चेहरे खिल उठे। कुछ हितग्राहियों ने अपनी खुशियां मंच से साझा भी की। महमंद के वेदलाल बघेल ने बताया कि वे पहले मिट्टी के घर में रहते थे। बारिश के दिनों में बहुत दिक्कत होती थी। अब कच्चे घर की परेशानियों से छुटकारा मिल गया है। कोटा विकासखंड के करका निवासी प्रमिला बैगा ने बताया कि पक्का घर मिलने से बहुत सी समस्याओं से निजात मिल गई है। पक्के घर में रहने से समय और श्रम बचता है। साथ ही वह ज्यादा सुरक्षित भी महसूस करती है। उसने बताया कि वह ‘बिहान’ योजना से भी जुड़ी हुई है। सरकार की योजनाओं से उसकी जिंदगी बदल गई है। उसने संवेदनशील पहल के लिए सरकार का आभार जताया। (Sao on PM Awas)



