Google Analytics —— Meta Pixel

7 नवंबर से 30 नवंबर तक एग्जिट पोल पर प्रतिबंध, भारत निर्वाचन आयोग ने जारी की अधिसूचना

Ban on Exit Polls: छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग ने 7 नवंबर से 30 नवंबर तक किसी भी तरह के एग्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण को प्रतिबंधित किया है। आयोग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत आयोग द्वारा इस अवधि के दौरान एग्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर रोक लगाई गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत 7 नवंबर को सुबह सात बजे से 30 नवंबर की शाम साढ़े छह बजे तक की अवधि को एग्जिट पोल के आयोजन और प्रसारण पर प्रतिबंधित अवधि के रूप में अधिसूचित किया है।

यह भी पढ़ें:- दिवाली से पहले बड़ा झटका, गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए का इजाफा

इस अवधि में विधानसभा चुनाव के संबंध में किसी भी तरह के एग्जिट पोल का आयोजन करने और प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा इसके परिणाम के प्रकाशन या प्रचार या किसी भी अन्य तरीके से प्रचार-प्रसार पर रोक रहेगी। आयोग ने अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 (1) (ख) के अधीन पांच राज्यों में साधारण निर्वाचन और उप निर्वाचन में संबंधित मतदान क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने वाले 48 घंटों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या किसी अन्य मतदान सर्वेक्षण के परिणामों समेत किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा। (Ban on Exit Polls)

नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने और जेल की कार्रवाई

निर्वाचन आयोग ने कहा कि नियमों और धारा का उल्लंघन करने पर संबंधित को एक साल की कैद या जुर्माने या दोनों से दंडित किया जाएगा। इस सजा को दो साल तक बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को चुनाव होगा। वहीं मिजोरम, मध्यप्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में एक ही चरण में चुनाव होगा। मिजोरम में 7 नवंबर, मध्यप्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 3 दिसंबर को पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। पांच राज्यों में करीब 16 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Back to top button
error: Content is protected !!