Google Analytics —— Meta Pixel

जम्मू-कश्मीर के डोडा में भीषण हादसा, 400 फीट गहरी खाई में गिरी सेना की गाड़ी, 10 जवान शहीद, 11 घायल

Big Accident in Doda: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भीषण हादसा हुआ है, जहां सेना की एक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास सेना की गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें 10 जवानों की मौके पर ही जान चली गई। जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि हादसे के वक्त वाहन में कुल 21 जवान सवार थे। सभी जवान डोडा से ऊपरी पोस्ट की ओर जा रहे थे। 

यह भी पढ़ें:- बलौदाबाजार के स्पंज आयरन प्लांट में ब्लास्ट, 6 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर रूप से घायल

अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में खन्नी टॉप के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची। दुर्गम इलाके और खराब मौसम के बावजूद त्वरित बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद तुरंत एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल भेजा गया। डोडा के DC हरविंदर सिंह ने कहा कि मृत सैनिकों के शव उनके परिवारों को भेजे जा रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक सड़क पर बर्फ होने की वजह से यह सड़क हादसा हुआ। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हमारे 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से बहुत दुख हुआ। 

उन्होंने कहा कि हम अपने बहादुर सैनिकों की बेहतरीन सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में, पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है। 10 घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया गया है। सीनियर अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा हूं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुए सड़क हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। इस हादसे में हमने अपने जिन वीर जवानों को खोया है, उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायल जवानों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। सभी जवान शीघ्रातिशीघ्र स्वस्थ हों, ईश्वर से यह कामना है। (Big Accident in Doda)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जवानों को चिकित्सा सहायता दी जा रही है और सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस कठिन समय में पूरा देश हमारे सशस्त्र बलों और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने त्वरित बचाव और निकासी प्रयासों की भी सराहना की। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भद्रवाह-चंबा रोड पर सेना के वाहन के दुखद हादसे के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। 

भाजपा सांसद गुलाम अली ने भी जताया दुख

उन्होंने कहा कि मैंने कमांड हॉस्पिटल के इंचार्ज मेजर जनरल (डॉ.) संजय शर्मा से भी बात की है, जो मुझे रेगुलर अपडेट दे रहे हैं। हर संभव मेडिकल मदद दी जा रही है। हमारे बहादुर जवानों के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि बहुत दर्दनाक घटना है। इसमें देश की सेना के नौजवान शहीद हुए हैं, गंभीर हालत में जख्मी हुए हैं। यह दुर्घटना भद्रवाह-चंबा रोड पर हुई। मेरी डोडा के डिप्टी कमिश्नर से बात हुई। उन्होंने बताया कि जो भी संभव सहायता है वह की गई है। (Big Accident in Doda)

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना का वाहन गहरी खाई में गिरने की वजह से कई जवानों की शहादत का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि डोडा से मिली दुखद खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ, जहां सेना के एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 बहादुर सैनिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। (Big Accident in Doda)

तीन दिन पहले भी एक जवान हुआ था शहीद 

बता दें कि इससे पहले 18 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकियों की तलाश के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में आठ जवान घायल हो गए थे, जिनमें से एक जवान ने 19 जनवरी को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। शहीद जवान की पहचान हवलदार गजेंद्र सिंह के रूप में हुई थी। डोडा हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में ड्यूटी कर रहे जवानों के सामने मौजूद खतरों को उजागर कर दिया है। पूरा देश शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारों के साथ खड़ा है।

Back to top button
error: Content is protected !!