Google Analytics —— Meta Pixel

तेजस्वी यादव को CM चेहरा बनाए जाने पर भाजपा और जेडीयू का तंज, कहा- महागठबंधन की हार तय, NDA की राह हुई आसान

BJP JDU on Tejashwi: राजद नेता और पूर्व डिप्टी CM तेजस्वी यादव को महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बाद बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भाजपा और जेडीयू नेताओं ने महागठबंधन पर तंज कसा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि महागठबंधन ने ‘महाभूल’ कर दी है। उनका MY समीकरण अब ‘मुस्लिम-यादव’ नहीं बल्कि ‘मुकेश सहनी-तेजस्वी यादव’ हो गया है। उनका वोट बैंक अब उनसे नाराज हो गया है, क्योंकि उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला है। महागठबंधन में दरार है, कांग्रेस ने तेजस्वी यादव और लालू यादव के सामने घुटने टेक दिए हैं। 

यह भी पढ़ें:- आसियान समिट से पहले PM मोदी का मलेशिया दौरा रद्द, कांग्रेस बोली- ट्रंप से आमना-सामना से बच रहे प्रधानमंत्री

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि महागठबंधन में महादरार है। राजद और कांग्रेस के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।जीतेगा NDA, सरकार बनाएगा NDA। राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करके खुश हो जाएं। महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो नहीं पाया, आपस में लड़ रहे हैं और मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर रहे हैं। अशोक गहलोत जहां गए हैं, वहां भाजपा को फायदा ही पहुंचाएंगे। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि तेजस्वी का चेहरा जितना बिहार की जनता के बीच जाएगा। NDA उतना ही आगे बढ़ेगा। JDU राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा बिहार चुनाव में बड़े बहुमत से NDA की जीत होगी। (BJP JDU on Tejashwi)

इतनी मिन्नतें करके CM चेहरा बनाया है: चिराग

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि इतना लड़कर, झगड़ कर, इतनी मिन्नतें करके, कहीं पर डर दिखाकर अगर आपको मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर स्वीकार किया गया तो क्या स्वीकार किया गया। अगर आप इतना झगड़ा करके मुख्यमंत्री चेहरा बने हैं तो इसका अर्थ है कि आपके चेहरे को लेकर गठबंधन के भीतर स्वाभाविक स्वीकार्यता नहीं है। हम लोग बार-बार कहते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ रहे हैं। सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है कि विधायक बैठेंगे और वे अपना नेता चुनेंगे, क्योंकि हमारे गठबंधन में पांच दल हैं। मेरा विश्वास है कि एक बार फिर तमाम विधायक नीतीश कुमार को 14 नवंबर के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है और मुख्यमंत्री भी वही, लेकिन महागठबंधन के लोगों ने केवल एक चेहरा आगे करने के लिए बाकि सभी चेहरों को हटा दिया है। (BJP JDU on Tejashwi)

गठबंधन धर्म की मर्यादा का पालन करना नहीं: पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा जिस तरीके से महागठबंधन के घटक दलों ने अपनी महत्वाकांक्षाओं के चलते अपने गठबंधन को ही तिलांजलि देने का काम किया। ये गठबंधन धर्म की मर्यादा का पालन करना नहीं है। JDU नेता नीरज कुमार ने कहा कि लालू यादव बीमार हैं, लेकिन पुत्रमोह में अशोक गहलोत से मिल रहे हैं। बिहार की जनता को तय करना है कि उन्हें कौन चाहिए। नीतीश कुमार सामाजिक परिवर्तन के नायक हैं, ग्लोबल थिंकर हैं, क्लाइमेट लीडर हैं और दूसरी तरफ जिसको महागठबंधन का नेता बनाया गया है वह IPC की धारा 420 का आरोपी है। बिहार की जनता विकास और अमन को पसंद करती है और ऐसे लोगों को पसंद नहीं करती है। नीरज कुमार ने कहा कि कुल विधानसभा सीटें 243 हैं और महागठबंधन के कुल उम्मीदवार 255 हैं। ये गणित भ्रष्टाचारियों का ही हो सकता है। प्रेस वार्ता में सिर्फ तेजस्वी यादव का फोटो क्यों था ? राहुल गांधी कहां हैं ? मुकेश सहनी का फोटो क्यों नहीं, क्या अति पिछड़ा होना गुनाह है ?

महागठबंधन की सेहत सुधरने वाली नहीं: राजीव रंजन

JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि महागठबंधन की सेहत सुधरने वाली नहीं है। अगर तेजस्वी यादव की इतनी स्वीकार्यता होती तो एक दर्जन सीटों पर आपस में लड़ाई न होती। महागठबंधन की बड़ी हार होगी। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिस तरह महागठबंधन में एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है यही कारण है कि अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो पा रहा। अब ये एक साथ बैठकर कितना भी ये दिखाने का प्रयास करें कि हम एक साथ हैं लेकिन जनता समझती है कि जो सीटों का बंटवारा नहीं कर सकते वो सरकार नहीं चला सकते। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को हमारी सरकार बनी थी तब से राज्य में कानून के राज और विकास का काम में हम 20 सालों से लगे हुए हैं। हमारी सरकार के पहले क्या स्थिति थी, बहुत बुरा हाल था। शाम के बाद लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे। तब किसकी सरकार थी? समाज में विवाद था। पढ़ाई, इलाज, सड़क और बिजली की कमी थी। हमारी सरकार जैसे ही आई है विकास का काम हो रहा है। किसी प्रकार के डर और भय का वातावरण नहीं है।

ये गठबंधन नहीं, ठगबंधन है: गिरिराज सिंह

भाजपा सांसद बृज लाल ने कहा कि अगर तेजस्वी यादव को चेहरा बनाया गया है तो महागठबंधन की हार निश्चित है। मैं तो चाहूंगा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री का चेहरा बनें क्योंकि उनके साथ लालू यादव के चारा घोटाले और उनके(लालू यादव) सुप्रीम कोर्ट से सजा बहाल होने का टैग लगा हुआ है… अगर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री का चेहरा बने हैं तो आज से ही वहां पर राजद समेत महागठबंधन का सफाया हो जाएगा। कोई बिहार का व्यक्ति जिसने जंगलराज देखा है या भ्रष्टाचार देखा है वह ये नहीं चाहेगा। JDU नेता केसी त्यागी ने कहा कि हमारे लिए रास्ता और आसान हो गया है। RJD का जन आधार निरंतर सिकुड़ता जा रहा है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा घोषित किए जाने पर कहा कि इसमें मुझे कोई आश्चर्य नहीं हुआ। ये गठबंधन नहीं है, ठगबंधन है। ये मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख लें। (BJP JDU on Tejashwi)

Back to top button
error: Content is protected !!