केजरीवाल को जमानत मिलने पर राजनीति शुरू, BJP नेताओं ने बोला हमला
BJP on Kejriwal Bail: सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने पर राजनीति शुरू हो गई है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अंतरिम बेल मिलने का मतलब ये नहीं होता कि आप अपराध मुक्त हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने जिस तरह से शराब नीति में घोटाला किया है, चोरी की है उसी तरह से अगला स्कैम बिजली बिल का है, जिसमें दिल्ली की जनता को लूटने की साजिश की जा रही है। अरविंद केजरीवाल के जो नए सहयोगी लालू यादव हैं, उन्हें भी अंतरिम बेल मिली थी, लेकिन बाद में दोषी सिद्ध होने पर उन्हें जेल में जाना पड़ा।
यह भी पढ़ें:- नेपाल में प्रचंड की सरकार गिरी: फ्लोर टेस्ट हारने के बाद प्रधानमंत्री पुष्प कमल ने दिया इस्तीफा
उन्होंने कहा कि शराब नीति में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने जो घोटाला किया है, जो चोरी की है उस पर निर्णय अभी बाकी है। अतिशी और सौरभ भारद्वाज को तैयार रहना चाहिए, क्योंकि अरविंद केजरीवाल जो शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्त हैं उन्होंने घोटाले में इनका भी नाम लिया है। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर जनता और मीडिया को गुमराह कर रही है। अरविंद केजरीवाल की याचिका में अनुरोध किया गया था कि उनकी गिरफ्तारी को अवैध घोषित किया जाए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कोई राहत नहीं दी और इसके बजाय मामले को बड़ी बेंच को भेज दिया। उन्हें जो अंतरिम जमानत मिली है, वह इसलिए है क्योंकि कानून के एक बिंदु को बड़ी बेंच को भेज दिया गया है और बड़ी बेंच द्वारा सुनवाई में समय लगता है। (BJP on Kejriwal Bail)
केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए: पूनावाला
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज AAP किस बात का जश्न मना रही है?। न अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आ रहे हैं और न ही उन्हें दोषमुक्त कहा गया है। उल्टा SC के इस आदेश में अरविंद केजरीवाल को सलाह दी गई है कि संविधानिक पद पर बैठे हुए व्यक्ति पर जब इस तरह के गंभीर आरोप लगते हैं तो उन्हें तय करना चाहिए कि वे पद पर बने रहेंगे या उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। इस नसीहत को आदेश की तरह लेते हुए अरविंद केजरीवाल को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर अंतरिम राहत दोषमुक्त होने का प्रमाण बन जाती है तो फिर तो मनीष सिसोदिया को अब तक बेल भी नहीं मिली है तो इसका मतलब वे दोषी हैं? (BJP on Kejriwal Bail)
सबूतों के आधार पर मुकदमा चलेगा: आरपी सिंह
भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी है, लेकिन मुकदमा खारिज नहीं हुआ है। मुकदमा उनके खिलाफ चलेगा। ED, CBI के पास सबूत है और सबूतों के आधार पर मुकदमा चलेगा। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह न्यायालय का निर्णय है। हम न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हैं। जमानत और सजा दोनों न्यायालय देती है। इसमें NDA गठबंधन की कोई भूमिका नहीं होती, लेकिन ये लोग जनता को बरगलाने का खेल खेलते हैं। राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा कि जमानत भी होगी और दोषमुक्ति भी क्योंकि यह मामला ED, CBI या IT का नहीं है, बल्कि भाजपा के दृष्टिकोण का है और वो दृष्टिकोण है कि हम राजनीतिक रूप से नहीं लड़ेंगे, बल्कि ED, CBI और IT को फ्रंट बनाकर लड़ेंगे। (BJP on Kejriwal Bail)



