भाजपा प्रवक्ता संतोष पांडेय का आरोप- “कांग्रेस में असभ्य भाषा की होड़”

रायपुर। बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं द्वारा जूते-चप्पल दिखाने और कथित रूप से असभ्य भाषा के उपयोग पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय ने कड़ा आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह घटना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक परंपरा और बौखलाहट का उदाहरण है।
संतोष पांडेय ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से फ्रस्ट्रेशन में कांग्रेस नेता सार्वजनिक रूप से मर्यादा और संवैधानिक गरिमा का उल्लंघन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा- “कांग्रेस को अपने इस अमर्यादित और अलोकतांत्रिक आचरण के लिए प्रदेश की जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
“कांग्रेस की भाषा और आचरण की परंपरा पुरानी”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिलासपुर में जो दृश्य सामने आया, वह कांग्रेस की उसी राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा है जो उसे केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व से विरासत में मिली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि-
- पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा नरेंद्र मोदी को ‘मौत का सौदागर’ कहना
- राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री के प्रति लगातार अमर्यादित भाषा का प्रयोग
- बिहार में प्रधानमंत्री की माता के लिए अपशब्दों का प्रयोग
इन घटनाओं ने कांग्रेस की विचारहीन और असहिष्णु राजनीति को उजागर किया है।
“भूपेश बघेल ने असंसदीय परंपरा को बढ़ावा दिया”
संतोष पांडेय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चापलूसी और तुष्टीकरण की राजनीति में आगे रहने की प्रतिस्पर्धा ने नेताओं को संयमहीन बना दिया है।
उन्होंने कहा—
“कांग्रेस नेता अब भाषा नहीं, अशिष्टता की बोलियां बोल रहे हैं।”
“जनादेश का अपमान”
पांडेय ने इसे प्रदेश की जनता का अपमान बताते हुए कहा कि राजनीति में विचारों की लड़ाई होनी चाहिए, न कि जूते-चप्पल और अभद्र शब्दों की।



