मध्य प्रदेश विधानसभा में हड़कंप : कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना सत्र के दौरान बेहोश, कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया गया कि उन्हें अचानक चक्कर आने लगे, जिसके बाद सदन में मौजूद डॉक्टरों की टीम को तुरंत बुलाया गया। उनकी स्थिति को संभालने में अधिकारियों को कुछ समय लगा और विधानसभा की कार्यवाही करीब 10 मिनट के लिए रोकनी पड़ी।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : जमीन विवाद में खूनी संघर्ष : लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से हमला, कई घायल-चार आरोपी गिरफ्तार
मंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई विधायकों ने उनकी कुशलक्षेम पूछी।
आज सदन में दो महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा
सत्र में आज इन दो अहम विधेयकों पर चर्चा का प्रस्ताव है—
- मध्य प्रदेश दुकान एवं स्थापना (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025
- मध्य प्रदेश नगरपालिका (संशोधन) अध्यादेश, 2025
सत्ता और विपक्ष दोनों पक्ष के विधायक इन पर अपनी राय रखेंगे और सदन में विस्तृत बहस की संभावना है।
किसान मुद्दे पर विपक्ष का हमला तेज
इधर, विपक्ष ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी की है।
अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान और राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा आज फिर से गरमाने वाला है। पहले दिन भी नियम 139 के तहत इस पर लंबी चर्चा हुई थी।
तस्वीरों और तख्तियों के साथ कांग्रेस का विरोध
कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने खराब फसलों की तस्वीरें और तख्तियाँ लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने आरोप लगाया—
“सरकार न कर्जा माफ कर रही है, न फसलों का सही मूल्य दे रही है। फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को केवल कुछ सौ रुपये मिल रहे हैं, जो किसानों के साथ अन्याय है।”
कांग्रेस की मांग है कि प्रभावित किसानों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए।



