Nitin Gadkari: आखिर क्यों नितिन गडकरी ने कहा कुएं में कूद जाऊंगा पर कांग्रेस में नहीं जाऊंगा, जानिए वजह

Nitin Gadkari:  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फिर एक ऐसा बयान दिया है, जो चर्चा का केंद्र बन गया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वे कांग्रेस में कभी नहीं जाएंगे। कांग्रेस में जाने से अच्छा कुएं में कूदना पसंद करेंगे, क्योंकि उनकी विचारधारा कांग्रेस से मेल नहीं खाती है। गडकरी ने ये बात नागपुर में उद्यमियों के एक सम्मेलन में कही। गडकरी ने बताया कि मेरे बचपन के दोस्त और कांग्रेस के नेता श्रीकांत जिचकर ने मुझे सलाह दी थी कि भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आ जाऊं। यह उस दौर की बात है, जब मैं छात्र नेता था और भाजपा हार जाती थी।

यह भी पढ़ें:- Minister Nitin Gadkari Bayan: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने ही सरकार को लेकर दिया ऐसा बयान, जो फिर बना चर्चा का विषय

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जब आपको सफलता मिलती है और उसकी खुशी आपको अकेले होती है तो फिर उसका कोई मतलब नहीं है। यदि आपको मिली सफलता की खुशी आपके साथ काम करने वाले लोगों को भी होती है तो फिर यह अच्छी होती है। कारोबार हो या राजनीति दोनों में मानवीय संबंध अहम हैं। कैसे भी हालात हों, किसी को इस्तेमाल करके फेंकना नहीं चाहिए।

अहंकार और आत्मविश्वास में क्या फर्क होता है: गडकरी
 
उन्होंने रिचर्ड निक्सन की एक बात का जिक्र करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति हारने से खत्म नहीं होता, लेकिन मैदान छोड़ने से खत्म हो जाता है। हमें हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि अहंकार और आत्मविश्वास में क्या फर्क होता है। किसी को भी इस्तेमाल करो फेंक की दौड़ में नहीं शामिल होना चाहिए। अच्छे दिन हों या बुरे दिन, जब एक बार किसी का हाथ थाम लें, उसे थामें रहें।

बीते महीने कहा था मन करता है राजनीति छोड़ दूं

वहीं एक महीने पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मौजूदा राजनीति व्यवस्था पर कहा था कि कभी-कभी मन करता है कि राजनीति ही छोड़ दूं। समाज में और भी काम हैं, जो बिना राजनीति के किए जा सकते हैं। महात्मा गांधी के समय की राजनीति और आज की राजनीति में बहुत बदलाव हुआ है। बापू के समय में राजनीति देश, समाज, विकास के लिए होती थी, लेकिन अब राजनीति सिर्फ सत्ता के लिए होती है।  

यह भी पढ़ें:- Nitin Gadkari Bayan: क्या सच में राजनीति छोड़ने वाले हैं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उनके बयानों के निकाले जा रहे ये मतलब

बता दें कि BJP ने नए संसदीय बोर्ड और चुनाव समिति से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को हटा दिया था। BJP में पार्लियामेंट्री बोर्ड के बाद केंद्रीय चुनाव समिति को पार्टी की दूसरी सबसे ताकतवर संस्था माना जाता है। वहीं संसदीय बोर्ड से निकाले जाने के बाद कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना दिया था। वहीं नितिन गडकरी का कद पार्टी में छोटा होने की बात भी कही जा रही थी।

Related Articles

Back to top button