ट्रांसफार्मर के नाम पर रिश्वत, ACB ने सहायक अभियंता को रंगे हाथ पकड़ा
बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसपीडीसीएल (विद्युत विभाग) के एक सहायक अभियंता को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अभियंता पर खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में किसान से रिश्वत मांगने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- Colombia Plane Crash : एक और विमान हादसा: सांसद सहित विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत
डीएसपी अजितेश सिंह (ACB बिलासपुर) ने बताया कि ग्राम रलिया, जिला कोरबा निवासी श्यामता टंडन ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दर्री, जिला कोरबा में उसके मित्र के पिता के नाम कृषि भूमि है, जहां ट्रांसफार्मर लगाने के लिए सीएसपीडीसीएल दीपका कार्यालय में आवेदन किया गया था।
80 हजार की मांग, 30 हजार पहले ले चुका था
शिकायत के अनुसार, आवेदन के बाद सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर ने मौके का निरीक्षण किया और ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर चालान पटाने के अलावा नाश्ता-पानी के नाम पर 80 हजार रुपये की मांग की। इसमें से आरोपी पहले ही 30 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये रिश्वत के रूप में मांग रहा था।
शिकायत सही पाई गई, फिर बिछाया गया जाल
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। 28 जनवरी को प्रार्थी द्वारा व्यवस्थित की गई 50 हजार रुपये की राशि को दीपका स्थित कार्यालय में आरोपी को दिया गया।
आरोपी द्वारा रिश्वत की रकम लेते ही एसीबी टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। रिश्वती राशि भी बरामद कर ली गई है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी सहायक अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



