Colombia Plane Crash : एक और विमान हादसा: सांसद सहित विमान में सवार सभी 15 लोगों की मौत
Colombia Plane Crash : कोलंबिया में एक भीषण विमान हादसे (Colombia Plane Crash) में सांसद सहित सभी 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को उत्तर-पूर्वी कोलंबिया के नॉर्टे डी सेंटेंडर प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मौके पर ही मौत हो गई।
सरकारी एयरलाइन सतेना (SATENA) ने जानकारी दी कि दुर्घटना (Colombia Plane Crash) की सूचना मिलते ही बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया, हालांकि बाद में परिवहन मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद टूटा संपर्क
परिवहन मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर HK-4709 था। विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 11:42 बजे कुकुटा एयरपोर्ट से ओकाना के लिए उड़ान भरी थी। यह मार्ग सामान्यतः लगभग 40 मिनट का होता है।
सतेना के बयान के मुताबिक, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान का संपर्क टूट गया।
2 क्रू मेंबर और 13 यात्री थे सवार
एयरलाइन ने बताया कि विमान में 2 क्रू मेंबर और 13 यात्री सवार थे। मृतकों में कैटाटुम्बो क्षेत्र से हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के सदस्य 36 वर्षीय डियोजेनेस क्विंटरो भी शामिल हैं।
जांच के आदेश
अधिकारियों ने फिलहाल हादसे के कारणों का खुलासा नहीं किया है। सतेना और कोलंबिया के विमानन प्राधिकरण ने कहा है कि विमान दुर्घटना की विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।
सांसद डियोजेनेस क्विंटरो का परिचय
डियोजेनेस क्विंटरो पेशे से वकील और प्रसिद्ध मानवाधिकार रक्षक थे। वे वेनेजुएला सीमा से सटे अशांत इलाके में सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते थे। वर्ष 2022 में उन्हें निचले सदन में चुना गया था, जहां वे सशस्त्र संघर्ष से प्रभावित पीड़ितों का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने जताया शोक
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,
“इन मौतों से अत्यंत दुख हुआ है। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।”
भारत में भी हाल ही में हुआ था विमान हादसा
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही भारत में भी एक विमान दुर्घटना की खबर सामने आई थी, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार की मृत्यु हो गई थी। उनके चार्टर विमान के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त होने से देश में शोक की लहर फैल गई थी।



