Google Analytics —— Meta Pixel

शिक्षा के मंदिर पर ‘प्रदूषण’ का प्रहार, रायगढ़ के सहदेवपाली स्कूल में राख के बीच भविष्य गढ़ने को मजबूर मासूम

Pollution in Raigarh School: छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिले रायगढ़ से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो विकास के दावों और पर्यावरणीय सुरक्षा की पोल खोलती है। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 41 स्थित सहदेवपाली प्राइमरी स्कूल शिक्षा का केंद्र कम और औद्योगिक लापरवाही का शिकार ज्यादा नजर आ रही है। यहां पढ़ने वाले नौनिहालों के हाथों में किताबों से ज्यादा राइस मिलों से उड़कर आने वाली राख और धूल जम रही है।

यह भी पढ़ें:- 5 साल के अफेयर का खूनी अंत, शादी से मना करने पर शादीशुदा प्रेमिका की पत्थर से कुचलाकर हत्या

स्कूल परिसर के ठीक आसपास संचालित सावित्री राइस मिल, रायगढ़ सॉल्वेंट और सिद्धि विनायक जैसी मिलें खुलेआम पर्यावरणीय नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं। इनमें सबसे बुरा हाल सावित्री राइस मिल की वजह से है, जो स्कूल के सबसे करीब स्थित है। हालत यह है कि स्कूल की बेंच, फर्श और बच्चों के बस्तों पर राख की मोटी परत जमी देखी जा सकती है। आलम यह है कि बच्चे मैदान में खेल नहीं सकते। कक्षाओं में सांस लेना दूभर हो गया है। मध्याह्न भोजन भी खिड़की-दरवाजे बंद कर और पर्दों की आड़ में परोसा जा रहा है।

स्कूल की सहायक शिक्षिका गीता मेहर और शाला समिति के अध्यक्ष आत्माराम देवांगन ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि वे पिछले 15 सालों से यहां कार्यरत हैं। उनके मुताबिक इस समस्या को लेकर विभाग को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। सहायक शिक्षिका गीता मेहर ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य दांव पर है। उन्हें त्वचा रोग, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। हम मजबूर हैं कि बच्चों को बंद कमरों में कैद कर पढ़ाएं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाल ही में रायगढ़ के एडिशनल कलेक्टर अपूर्व अप्रियस टोप्पो ने संज्ञान लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और प्रदूषण फैलाने वाली मिलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हर बार जांच का भरोसा तो दिया जाता है, लेकिन राइस मिलरों के रसूख के आगे प्रशासन की फाइलें दब जाती हैं। क्योंकि जिले में शिक्षा का मंदिर और मासूम बच्चों का भविष्य प्रदूषण की भेंट चढ़ रहा है। अब प्रशासन को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। (Pollution in Raigarh School)

Back to top button
error: Content is protected !!