Google Analytics —— Meta Pixel

मातम में बदली शादी की खुशियां, जर्जर पुलिया टूटने से नाले में गिरी महिलाएं, दुल्हन की मां की मौत

Bridge Collapses in Sarangarh: सारंगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोरकोटी गांव से दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खुशियों से भरा एक पारिवारिक कार्यक्रम अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया। जानकारी के मुताबिक पटेल परिवार में चौथिया कार्यक्रम चल रहा था। घर में रिश्तेदारों और मेहमानों की भीड़ थी, गीत-संगीत और हंसी-ठिठोली का माहौल था। गिरौदपुरी से लड़की पक्ष के कई लोग इस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात में खाना खाने के बाद 4 से 5 महिलाएं घर लौटने के लिए गांव के पास बने एक छोटे नाले पर बनी संकरी पुलिया को पार कर रही थी।

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस में सियासी भूचाल, सूरजपुर में 17 से ज्यादा पदाधिकारियों के इस्तीफे से मचा घमासान, गुटबाजी खुलकर आई सामने

इसी दौरान अचानक पुलिया भरभराकर टूट गई। इससे सभी महिलाएं सीधे नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल नाले में गिरी महिलाओं को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। तीन महिलाओं को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक महिला मलबे और पानी के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस हरकत में आई। इसके बाद बलौदाबाजार और बिलाईगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम और NDRF की टीम मौके पर पहुंची। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला का शव बाहर निकाला गया। (Bridge Collapses in Sarangarh)

सबसे हृदयविदारक बात यह है कि मृत महिला दुल्हन की मां थी, जिस घर में बेटी की विदाई की तैयारियां हो रही थी, उसी घर में मां की अर्थी उठ गई। खुशियों से सजा आंगन कुछ ही पलों में रोने-बिलखने की आवाजों से भर गया। ग्रामीणों के मुताबिक नाले पर बनी पुलिया जर्जर हालत में थी और लंबे समय से उसकी मरम्मत नहीं हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि पुलिया की कमजोर संरचना ही इस हादसे की वजह बनी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन भी पुलिया की गुणवत्ता और निर्माण से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहा है।

यह हादसा न सिर्फ एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में जर्जर बुनियादी ढांचे की हकीकत को भी उजागर करता है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक परिवार की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। इस हादसे ने गांव की बुनियादी सुविधाओं और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर पुलिया की समय रहते मरम्मत होती तो शायद यह जानलेवा हादसा टल सकता था। यह हादसा एक चेतावनी भी है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर ढांचों को नजरअंदाज करना कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकता है। (Bridge Collapses in Sarangarh)

Back to top button
error: Content is protected !!