Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस में सियासी भूचाल, सूरजपुर में 17 से ज्यादा पदाधिकारियों के इस्तीफे से मचा घमासान, गुटबाजी खुलकर आई सामने

Discord in Surajpur Congress: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान अब खुली जंग में तब्दील होती नजर आ रही है। एक साथ 17 से ज्यादा पदाधिकारियों के इस्तीफे ने जिले की सियासत में भूचाल ला दिया है। बताया जा रहा है कि यह टकराव पूर्व डिप्टी CM टीएस सिंहदेव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस्तीफों ने पूरे घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है। जानकारी के मुताबिक संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव स्तर के 17 से ज्यादा पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

यह भी पढ़ें:- Balodabazar News : निवेश पर डबल फायदा नहीं, डबल धोखा: पैसा लेकर फरार हुए ठग अब सलाखों के पीछे, पढ़े पूरी खबर

चर्चा यह भी है कि अब तक करीब 30 से ज्यादा पदाधिकारी अपने दायित्वों से मुक्त हो चुके हैं। इनमें पूर्व मंत्री खेल साय सिंह की बहू का नाम शामिल होना राजनीतिक गलियारों में खासा चौंकाने वाला माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबक नाराजगी की मुख्य वजह संगठन में पदों के बंटवारे को लेकर असंतोष है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि संगठन में सिर्फ एक गुट विशेष को तरजीह दी गई, जबकि दूसरे गुट के समर्थकों को दरकिनार किया गया। हालांकि इस्तीफा देने वाले अधिकांश पदाधिकारी मीडिया के सामने खुलकर गुटबाजी की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं। जनपद सदस्य भावना नेताम ने अपने इस्तीफे को व्यक्तिगत निर्णय बताते हुए कहा कि उन्हें पद की जिम्मेदारी देने से पहले परामर्श नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि मुझे इस पद की जिम्मेदारी देने से पहले मुझसे पूछा नहीं गया था। मुझे लगता है कि मैं अभी खुद को इस पद के लायक नहीं मानती हूं, इसलिए मैंने अपनी इच्छा से पद से इस्तीफा दिया है। लेकिन मैं कांग्रेस की सिपाही हूं और हमेशा रहूंगी। मैंने सिर्फ पद छोड़ा है, कांग्रेस पार्टी नहीं। उनके इस बयान के बाद भी सियासी गलियारों में यह चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही कि मामला केवल व्यक्तिगत असहमति का नहीं, बल्कि गुटीय असंतोष का है। कांग्रेस के जिला पदाधिकारी संजय ढोसी ने पूरे घटनाक्रम पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें किसी ने आधिकारिक रूप से इस्तीफा नहीं सौंपा है।

उन्होंने कहा कि हमें किसी ने भी सीधे तौर पर आकर त्यागपत्र नहीं सौंपा है। हमें भी इस पूरे मामले की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए ही मिली है। अगर कोई सीधे आकर इस्तीफा देगा, तभी हम उस पर बात करेंगे। मुझे इसके पीछे कोई गहरी साजिश या षड्यंत्र नजर आता है। फिलहाल हमने सभी घटनाक्रमों की जानकारी पार्टी फोरम में रख दी है और बड़े पदाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। जिला संगठन की इस प्रतिक्रिया ने मामले को और पेचीदा बना दिया है। सवाल उठ रहा है कि अगर इस्तीफे आधिकारिक तौर पर नहीं दिए गए, तो सोशल मीडिया पर वायरल पत्रों की सच्चाई क्या है ?

बीजेपी ने साधा निशाना

कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर बीजेपी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी जिला अध्यक्ष मुरली सोनी ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी कोई नई बात नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में यह गुटबाजी नई बात नहीं है। जब प्रदेश में इनकी सरकार थी, तब भी बाबा और काका की लड़ाई के चक्कर में छत्तीसगढ़ का विकास ठप पड़ा रहा। आज सत्ता जाने के बाद भी इनकी आपसी लड़ाई जारी है। जनता देख रही है कि ये पदों के लिए आपस में लड़ रहे हैं, इन्हें जनहित से कोई सरोकार नहीं है।

शिव डहरिया ने किया पलटवार

वहीं पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में इससे कहीं ज्यादा गुटबाजी है और कांग्रेस में संवाद के जरिए हर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। सूरजपुर में शुरू हुई इस्तीफों की यह झड़ी आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। फिलहाल कांग्रेस संगठन के एकजुटता के दावे सवालों के घेरे में हैं। अब देखना यह होगा कि पार्टी हाईकमान इस पूरे मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या संगठनात्मक स्तर पर कोई बड़ी कार्रवाई या फेरबदल देखने को मिलता है। जानकारों का मानना है कि अगर समय रहते स्थिति नहीं संभाली गई, तो इसका असर आगामी चुनावी रणनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सूरजपुर की राजनीति में हलचल तेज है और कांग्रेस के भीतर का यह घमासान थमने के आसार नहीं दिख रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!