Google Analytics —— Meta Pixel

Balodabazar News : निवेश पर डबल फायदा नहीं, डबल धोखा: पैसा लेकर फरार हुए ठग अब सलाखों के पीछे, पढ़े पूरी खबर

Balodabazar News : बलौदाबाजार पुलिस ने निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा देकर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चार आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

यह भी पढ़े :- शहर दहला: पारिवारिक विवाद में पति ने किया खूनी हमला, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने “वीआईपी ट्रेड” नाम की फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को निवेश पर प्रति माह 10 से 12 प्रतिशत गारंटीड रिटर्न देने का लालच दिया और लाखों रुपये की ठगी की। (Balodabazar News)

10–12% रिटर्न का झांसा देकर कराया निवेश

शिकायतकर्ता रामचंद्र वस्त्रकर ने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई 2025 से 19 अक्टूबर 2025 के बीच आरोपियों ने उन्हें कंपनी में निवेश के लिए तैयार किया। उन्हें विश्वास दिलाया गया कि जमा राशि पर रोजाना बढ़ोतरी होगी और निवेशक अपनी इच्छा से कभी भी पैसा निकाल सकते हैं।

इस झांसे में आकर उन्होंने कुल 8,06,640 रुपये आरोपियों के खातों में जमा कर दिए।

पैसा मांगने पर टालमटोल, फिर नंबर बंद

जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी बहाने बनाने लगे। कुछ दिनों बाद उन्होंने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। ठगी का एहसास होने पर रामचंद्र वस्त्रकर ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

BNS की धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से राजस्थान तक पहुंचे तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सूचना संकलन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में ठगी का नेटवर्क राजस्थान से जुड़ा मिला।

पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में अजमेर केंद्रीय कारागार में बंद थे। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस टीम ने जेल पहुंचकर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • अब्दुल समद (60), निवासी किशनगढ़
  • लोकेश चौधरी (26), निवासी किशनगढ़
  • कैलाश चौधरी (26), निवासी जयपुर ग्रामीण
  • धीरज गट्टानी (25), निवासी कुचामन सिटी
  • पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

करोड़ों की ठगी का शक

पुलिस के अनुसार गिरोह ने फर्जी कंपनी के जरिए कई लोगों को निशाना बनाया है और करोड़ों रुपये की ठगी की बात भी सामने आई है। आशंका है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय रहा है।

अन्य पीड़ितों से अपील

पुलिस ने अपील की है कि यदि “वीआईपी ट्रेड” कंपनी के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति से भी ठगी हुई है, तो वह तुरंत सिटी कोतवाली थाना या साइबर सेल में संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। (Balodabazar News)

Back to top button
error: Content is protected !!