रायगढ़ में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कई जगहों से सरकारी जमीन को कराया गया कब्जा मुक्त

Bulldozer Action in Raigarh: रायगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण के मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के निर्देश पर रायगढ़ और पुसौर तहसील में राजस्व विभाग की ओर से व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान कई जगहों पर सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए बेदखली की कार्रवाई की गई। अभियान के तहत नगर निगम सीमा से लगे बड़े रामपुर गांव में सरकारी जमीन (रकबा 07 डिसमिल) पर अनाधिकृत रूप से संचालित एक फेब्रिकेशन दुकान को ध्वस्त कर दिया गया। इसके साथ ही मुख्य सड़क मार्ग से लगी लगभग 10 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक उपयोग में आने वाली भूमि को राहत मिली।
यह भी पढ़ें:- मेहंदी लगाए दूल्हे का इंतजार करती रह गई दुल्हन, घर पर ताला लगाकर फरार हुआ दूल्हा
इसी कड़ी में सांगीतराई गांव में स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए खसरा नंबर 382, रकबा 0.243 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर ‘अनुभव बिल्डर्स’ की बनाई जा रही अवैध बाउंड्रीवाल को गिरा दिया गया। प्रशासन ने मौके पर ही भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए भविष्य में इस तरह के अवैध निर्माण पर सख्ती बरतने की चेतावनी दी। पुसौर तहसील के छातामुड़ा गांव में भी राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। यहां भूमिस्वामी ओंकार सिंह बग्गा ने अपने निजी भूमि से सटी शासकीय भूमि पर कालोनाइजेशन के उद्देश्य से अवैध रूप से सड़क निर्माण किया था। (Bulldozer Action in Raigarh)

खसरा नंबर 252 के अंतर्गत लगभग 2400 वर्गफुट भूमि पर किए गए इस अतिक्रमण के कारण प्राकृतिक नाले का प्रवाह भी बाधित हो रहा था। जनशिकायत मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध सड़क को ध्वस्त कर दिया और नाले का प्राकृतिक प्रवाह फिर बहाल कराया। इसके अलावा लोहरसिंग गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शासकीय भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से एक निजी व्यक्ति ने प्रीकास्ट वॉल खड़ी की थी। इस अवैध निर्माण को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हटाया गया, जिससे भविष्य में अतिक्रमण की संभावना को समाप्त किया जा सके। प्रशासन ने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है।



