CG Budget Session : घोटाले के आरोपों के बीच सदन में एंट्री, भाजपा दिग्गजों से गले मिले लखमा
CG Budget Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र (CG Budget Session) के पहले दिन राजनीतिक हलकों में सबसे अधिक चर्चा पूर्व मंत्री कवासी लखमा की सदन में वापसी को लेकर रही। कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में लगभग एक वर्ष तक जेल में रहने के बाद लखमा आज सोमवार को पहली बार विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए।
यह भी पढ़े :- टैरिफ बदलाव के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर बैठक टली, 18% या 15% पर फंसा पेंच
सदन में प्रवेश करते ही उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं अजय चंद्राकर, रामविचार नेताम और धर्मजीत सिंह से गले मिलकर अभिवादन किया। अजय चंद्राकर ने भी गर्मजोशी दिखाते हुए उनकी पीठ थपथपाई।
कड़ी शर्तों के साथ मिली सदन में उपस्थिति की अनुमति
उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के बाद विधानसभा प्रशासन ने लखमा को विशेष शर्तों के तहत सत्र में शामिल होने की अनुमति दी है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण शर्त “नो स्पीच” है।
- वे अपने विरुद्ध चल रहे मामले या उससे जुड़े किसी विषय पर सदन में कोई बयान या टिप्पणी नहीं करेंगे
- केवल विधानसभा सत्र और परिसर तक ही उनकी उपस्थिति सीमित रहेगी
- किसी राजनीतिक कार्यक्रम या अपने निर्वाचन क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं है
- आवाजाही की पूर्व लिखित सूचना विधानसभा सचिव को देनी होगी
सौम्य रहा व्यवहार, दिखी पुरानी राजनीतिक दोस्ती
सत्र (CG Budget Session )के पहले दिन लखमा का व्यवहार बेहद शांत और सौम्य रहा। सामान्यतः सत्तापक्ष पर आक्रामक रहने वाले लखमा विपक्षी बेंच से उठकर सीधे भाजपा नेताओं के पास गए और हाथ मिलाकर पुरानी राजनीतिक मित्रता निभाई। उनकी लगभग एक वर्ष बाद सदन में वापसी से विधानसभा का माहौल भी अलग नजर आया।



