Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 4 युवकों की मौत, ओडिशा में काल के गाल में समाए 5 पुलिसकर्मी 

Road Accident in India: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के चार युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक बुरी तरह फंस गए। हादसा रविवार दोपहर करीब 3:45 बजे कोटा जिले के चेचट थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्रेष्ठ बाजपेई (21), प्रांजुल चतुर्वेदी (26), अंकुश दुबे (25) और अंश प्रताप सिंह (20) के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें:- टैरिफ बदलाव के बीच भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर बैठक टली, 18% या 15% पर फंसा पेंच

सभी युवक उज्जैन से महाकाल के दर्शन कर वापस उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। मृतक प्रांजुल चतुर्वेदी तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी और दो महीने पहले ही उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। वो लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत था। श्रेष्ठ बाजपेई अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता एक निजी स्कूल संचालित करते हैं। अंकुश दुबे अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कार तेज रफ्तार और लहराती हुई दिखाई दे रही है। आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आने से कार ट्रक में पीछे से घुस गई। (Road Accident in India)

ओडिशा में 5 पुलिसकर्मियों की मौत

SP ने कहा कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चारों शवों को रामगंजमंडी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे कानपुर से कोटा के लिए रवाना हो चुके हैं। इधर, ओडिशा के झारसुगुड़ा में भी रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है। झारसुगुड़ा सदर थाना क्षेत्र में पुलिस की बोलेरो गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब पुलिसकर्मी गश्त पर निकले थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पुलिसकर्मी उसमें फंस गए। (Road Accident in India)

CM मोहन चरण माझी ने जताया दुख

स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत से घायलों को बाहर निकाला। मृतकों में एपीआर कॉन्स्टेबल काशीराम भोई, देबदत्त सा, ड्रिल एसआई निरंजन कुजूर, हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा शामिल हैं। घायल दुबराज मिरिग, आकाश नायक और राजीव भारसागर का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। झारसुगुड़ा एसपी गुंडाला राघवेंद्र के मुताबिक ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। दो अलग-अलग राज्यों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Back to top button
error: Content is protected !!