Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला जारी, रायपुर में दंपती समेत 3 की मौत, कई जिलों में हुए हादसे

Road Accident in Chhattisgarh: रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजधानी रायपुर में धान से लदा ट्रक कार पर पलटने से पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं सूरजपुर, बलरामपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते कई दुर्घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार शाम धान से लदा एक ट्रक ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और कैब ड्राइवर की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 4 युवकों की मौत, ओडिशा में काल के गाल में समाए 5 पुलिसकर्मी 

मृतकों की पहचान बलौदाबाजार के 66 साल के राजकुमार शर्मा, पत्नी पद्मा शर्मा और कैब ड्राइवर प्रवीण के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक राजकुमार शर्मा 10 फरवरी से रायपुर स्थित एमएमआई अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी बायपास सर्जरी हुई थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे पत्नी के साथ घर तिल्दा लौट रहे थे। बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी। जैसे ही कार पुरानी विधानसभा के पास नरदहा इलाके में पहुंची, स्पीड ब्रेकर के कारण कार की रफ्तार धीमी हुई। इसी दौरान धान से लदा ट्रक कार को ओवरटेक कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक टूट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। (Road Accident in Chhattisgarh)

मौके पर ड्राइवर की मौत, आधे घंटे में दंपती ने तोड़ा दम

ट्रक और उसमें भरी धान की बोरियां सीधे कार पर गिर गई। कैब ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू कर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दोनों की मौत हो गई। डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदे कुटकी जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है। वहीं सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पंडरी इलाके में तेज रफ्तार धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया। हादसे में मकान क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि घर में मौजूद लोग और ट्रक चालक बाल-बाल बच गए।

रायपुर में एक दिन में कई हादसे

घटना के बाद ट्रक मालिक के एक दोस्त ने चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। राजधानी रायपुर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 3 से 4 सड़क हादसे सामने आई हैं। तेलीबांधा इलाके में ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रक ने दो लोगों को कुचला, जो हालत गंभीर से घायल है। दोनों हादसे नेशनल हाईवे पर हुए हैं। बूढ़ापारा में सड़क पर ऑयल गिरने से कई बाइक सवार फिसलकर घायल हो गए। इधर, तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात कारों की टक्कर के बाद सड़क पर जमकर विवाद हुआ। मौके पर पहुंचे डीसीपी और अतिरिक्त पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की। कई युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ मौके से फरार हो गए। थाने लाए जाने के बाद भी हंगामा जारी रहा।

नया रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उछली और दो पेड़ों के बीच जा फंसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन चालक सत्य साईं अस्पताल में डॉक्टर बताए जा रहे हैं, जो गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बालोद जिले के नेशनल हाईवे पर एक छोटी सी लापरवाही ने घर का इकलौता चिराग बुझा दिया। दरअसल, तार्री गांव में ओवरटेक करने के चक्कर में खोमेंद्र साहू काल के गाल में समा गया। मृतक धनोरा का रहने वाला है, जो बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इस बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से वो सीधे मुख्य मार्ग पर गिर गया। इसके बाद पीछे से आ रही बारदाने से लदी तेज रफ्तार ऑटो उसके ऊपर से गुजर गई, जिसके बाद ऑटो भी सड़क पर पलट गया। युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर में हुए सड़क हादसे में 55 साल की सुभगीया गंभीर रूप से घायल हो गई। वे 100 बिस्तर अस्पताल में सफाई कर्मचारी हैं। ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय सामने अचानक मवेशी आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोट लगने से वे बेहोश हो गई। भीड़ के बीच से गुजर रहे जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष बीडी लाल गुप्ता ने उन्हें अपनी कार से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रजापति ने तत्काल प्राथमिक इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच सकी। (Road Accident in Chhattisgarh)

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में गड्ढे में गिरी हाईवा 

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसिर थाना अंतर्गत उदयपुर मेन रोड पर एक हाईवा अत्यधिक लोडिंग के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जेसीबी की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। पुलिस ने लोगों से सावधानी और नियमों के पालन की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!