लाल आतंक पर कड़ा प्रहार जारी, छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 5 नक्सली ढेर

CG Maharashtra Encounter: छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर जवानों ने एक बार फिर नक्सलियों पर कड़ा प्रहार किया है। दरअसल, सुरक्षाबल के जवानों ने कोहकमेटा थाना क्षेत्र के अबूझमाड़ के जंगलों में हुए मुठभेड़ में 5 नक्सलियों को मार गिराया है। इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है। ऐसे में मारे गए नक्सलियों की संख्या और भी पढ़ सकती है। जानकारी के मुताबिक जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही थी। नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव समेत कई जिलों के 1400 से ज्यादा जवान 30 जून को सर्चिंग अभियान पर निकले थे।
यह भी पढ़ें:- हाथरस में भगदड़ से अब तक 122 लोगों की मौत, शवों को देखकर हार्ट अटैक से गई पुलिसवाले की जान
टीम जब अबूझमाड़ पहुंची तो नक्सलियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग रुकने पर जवानों ने सर्चिंग शुरू की तो जंगल में 5 नक्सलियों का शव बरामद हुआ। सभी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड, विशेष कार्य बल, BSF समेत ITBP के जवान शामिल थे। बता दें कि छत्तीसगढ़ में जवान लगातार नक्सलियों को ढेर कर रहे हैं। जनवरी से अब तक 138 नक्सली मारे गए हैं। इनमें 136 नक्सली नारायणपुर समेत बस्तर संभाग के सात जिलों में मारे गए है। जबकि 2 नक्सली रायपुर संभाग के धमतरी जिले में ढेर हुए हैं। (CG Maharashtra Encounter)
छत्तीसगढ़ में 2024 के बड़े नक्सली ऑपरेशन
- 25 फरवरी को कांकेर के कोयलीबेड़ा में 3 नक्सली ढेर
- 27 मार्च को बीजापुर के गंगालूर में 6 नक्सली ढेर
- 2 अप्रैल को बीजापुर के नेड्रा में 13 नक्सली ढेर
- 6 अप्रैल को बीजापुर के कर्रीगुटा में 3 नक्सली ढेर
- 16 अप्रैल को कांकेर के छोटे बेठिया में 29 नक्सली ढेर
- 30 अप्रैल को नारायणपुर के टेकमेटा में 10 नक्सली ढेर
- 10 मई को बीजापुर के पीडिया में 12 नक्सली ढेर
- 27 मई को बीजापुर के गंगालूर में 6 नक्सली ढेर
- 23 और 24 मई को नारायणपुर के अबूझमाड़ में 8 नक्सली ढेर
- 7 जून को नारायणपुर के गोबेल में 6 नक्सली ढेर
- 15 जून को नारायणपुर के अबूझमाड़ में 8 नक्सली ढेर
- 2 जुलाई को नारायणपुर के अबूझमाड़ में 5 नक्सली ढेर (CG Maharashtra Encounter)



