हाथरस में भगदड़ से अब तक 122 लोगों की मौत, शवों को देखकर हार्ट अटैक से गई पुलिसवाले की जान

Hathras Incident Update: उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले में भोले बाबा के सत्संग के बाद हुई भगदड़ में अब तक 122 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं हैं। वहीं कई लोगों की हालत गंभीर है, जिसके चलते मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। हादसा हाथरस के फुलरई गांव में हुआ है। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि हाथरस में हुए दुखद हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बात की। यूपी सरकार सभी पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटी हुई है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ को केंद्र से बड़ी सौगात : राजिम में बनेगा “राजीव लोचन कॉरिडोर, केंद्र सरकार से मिली मंज़ूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ में पूरा हादसा घटित हुआ है। स्थानीय आयोजकों द्वारा भोले बाबा के सत्संग का आयोजन स्थानीय गांवों में किया जाते रहे हैं। स्थानीय भक्तगण उन कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं। जब सत्संग के प्रवचनकर्ता मंच से उतर रहे थे तो अचानक भक्तों की भीड़ उन्हें छूने के लिए वहां जा रही थी और सेवादारों के द्वारा रोकने पर ये हादसा वहां पर घटित हुआ। इस पूरे मामले की जांच के लिए हमने एडिशनल DG आगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त अलीगढ़ को शामिल करते हुए एक टीम बनाकर उन्हें अविलंब रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के लिए कहा है। (Hathras Incident Update)
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भी इस घटना पर अपना गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की और गंभीर रूप से घायल नागरिकों के लिए भी 50-50 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार इस पूरी घटना की तह में जाएगी। योगी सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यहां पर तीन मंत्रियों को भेजा है। मैंने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने जांच समिति का गठन किया है, जो जांच करने के बाद रिपोर्ट देगी। जिसकी भी गलती है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (Hathras Incident Update)
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जताया दुख
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि ये जांच का विषय है कि क्या-क्या व्यवस्थाएं थीं और क्या-क्या नहीं थीं, लेकिन इस समय हमारा सबसे पहला काम हमारा घायलों को सही इलाज उपलब्ध करवाना और मृतकों के शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री कल आएंगे और स्वयं आकर व्यवस्थाओं को देखेंगे। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि दुखद घटना है। इसकी जांच होनी चाहिए। प्रधानमंत्री स्वयं इस विषय को निगरानी कर रहे हैं। ये राजनीति करने का समय नहीं है। PM मोदी के सदन में संबोधन पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज सदन में तथ्य सामने रखने का काम किया। मंत्री संदीप सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए काम कर रही है। (Hathras Incident Update)
प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है: अमित शाह
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा कि हाथरस में जो भी हादसा हुआ है वो बहुत बड़ी दुर्घटना है और बहुत दुखद है। उसमें जिन लोगों की जानें चली गई हैं उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। जो घायल हैं वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएं परमात्मा से मेरी यही कामना है। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि दुर्घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों की मृत्यु हुई है महादेव उनकी आत्माओं को शांति दें। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए दुखद हादसे से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें यह पीड़ा सहने की शक्ति दे। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। (Hathras Incident Update)
चश्मदीदों ने बताई हादसे की वजह
अलीगढ़ के IG शलभ माथुर ने बताया कि FIR दर्ज हो रही है। आयोजकों के खिलाफ FIR होगी। प्रथम दृष्टया सामने आ रहा है कि जितने लोगों के लिए अनुमति मांगी थी उससे ज्यादा लोग आए हैं। भगदड़ की घटना की प्रत्यक्षदर्शी शकुंतला देवी ने बताया कि भोले बाबा का सत्संग चल रहा था। सत्संग खत्म होते ही कई लोग वहां से निकलने लगे। सड़क उबड़-खाबड़ होने के कारण भगदड़ मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। एक और चश्मदीद ने बताया कि हम आगरा से सत्संग में शामिल होने आए थे। मेरी 15 साल की बेटी लापता है। आगरा से करीब 20-25 लोग आए थे, लेकिन हमारी बेटी कहीं नहीं मिली। पुलिस का कहना है कि उन्हें कुछ नहीं पता। घटना के चश्मदीद सुरेश ने बताया कि मैं बदायूं से अपने परिवार के सदस्यों के साथ यहां आया था। भगदड़ के बाद मेरे छोटे भाई की पत्नी लापता है। हमें पता चला कि कई लोग लापता हैं। मैं माइक पर घोषणा कर रहा था, लेकिन इससे कोई मदद नहीं मिली। (Hathras Incident Update)



