छत्तीसगढ़ विधानसभा की रजत जयंती समारोह, स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और CM साय ने व्यक्त किए अपने विचार

CG Silver Jubilee Celebration: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ विधानसभा की रजत जयंती समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान स्पीकर डॉ रमन सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने 25 साल में लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षण किया है। संसदीय लोकतंत्र का उद्देश्य जनकल्याण और जनसेवा के लिए है। इस विधानसभा में महिलाओं के लिए कई विधेयक पारित हुए हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा में उत्कृष्टता अलंकरण पुरस्कार भी दिया जाता है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा को यह गौरव प्राप्त है कि तीसरी बार भारत के राष्ट्रपतिने सदन को संबोधित किया है।

यह भी पढ़ें:- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की छत्तीसगढ़ विधानसभा की तारीफ, कहा- 25 सालों में कभी भी मार्शल का उपयोग नहीं करना पड़ा 

उन्होंने बताया कि इससे पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा देवी सिंह पाटिल विधानसभा को संबोधित कर चुकीं हैं। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के सरल, संघर्षशील और प्रेरणादायक जीवन को देश की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। स्पीकर ने छत्तीसगढ़ विधानसभा की 25 साल की यात्रा को लोकतांत्रिक मूल्यों की सुदृढ़ता की यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि सदन में ‘स्वअनुशासन’ की परंपरा स्थापित की गई, जहां सदस्यों ने स्वयं बनाए नियमों का पालन कर पूरे देश के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया।

स्पीकर डॉ. सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने संसदीय गतिविधियों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। उन्होंने उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने 2011 में लोक सेवा गारंटी अधिनियम और 2012 में खाद्य सुरक्षा अधिनियम पारित किए, जो अंत्योदय और समावेशी विकास के प्रतीक हैं। डॉ. रमन सिंह ने बताया कि जल्द ही विधानसभा नया रायपुर स्थित नवीन भवन में स्थानांतरित होगी। उन्होंने राष्ट्रपति की उपस्थिति को सदन की स्मृतियों में एक अमिट अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में सदन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों को नियमित रूप से पुरस्कार और सम्मान दिया जाता है, जो लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के यहां आने से हम सब कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि आपकी सादगी और सौम्यता हम सब के लिए अनुकरणीय हैं। आपके गृह राज्य ओडिशा और छत्तीसगढ़ में सदियों से प्रगाढ़ रिश्ता है। भगवान जगन्नाथ एक दिन के लिए छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण आते हैं। छत्तीसगढ़ के छत्तीस में से 12 गढ़ ओडिशा में जाकर शामिल हो गए। इसलिए ऐसा लगता है कि ओडिशा भी हमारा ही घर है। भगवान जगन्नाथ के लिए छत्तीसगढ़ से विष्णुभोग चावल जाता है। भगवान राम को हम भांजे के रूप में पूजते हैं। महंत ने कहा कि आप एक आदिवासी परिवार से आती हैं। हम सब आपके नेतृत्व को स्वीकार करते हैं। हम सब मिलकर सोचते हैं कि छत्तीसगढ़ कैसे विकसित हो। हमारे बीच मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं हो सकता है। हम सब राष्ट्रपति के वचनों से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ के विकास में एकजुटता से कार्य करेंगे। (CG Silver Jubilee Celebration)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- सभी को जय जोहार। अपने बीच राष्ट्रपति को पाकर हम सब अभिभूत हैं। मैं उनका प्रदेश की जनता की ओर से स्वागत करता हूं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य का निर्माण किया था। हम अटल निर्माण वर्ष के तौर पर मना रहे हैं। हम सौभाग्यशाली है कि प्रदेश की जनता ने हमें मौका दिया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि जब छत्तीसगढ़ विधानसभा अपने गौरवशाली 25 साल का उत्सव मना रही है, तब देश की प्रथम नागरिक हमारे बीच उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि साल 2000 में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बने छत्तीसगढ़ का रजत वर्ष संयोग से उनके जन्मशताब्दी वर्ष में पड़ रहा है, जिसे हम अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी विधानसभा की 25 सालों की यात्रा लोकतंत्र की सुदृढ़ परंपराओं की प्रतीक है। वैदिक काल से चले आ रहे भारतीय लोकतंत्र को छत्तीसगढ़ ने अपने कार्यों से मजबूत किया है। सदन में जनहितकारी विषयों पर गंभीर चर्चाएं, सशक्त विमर्श और स्वस्थ वातावरण में लिए गए निर्णय, हमारी संसदीय संस्कृति को समृद्ध करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने केवल विधायी कार्य ही नहीं, बल्कि प्रतिनिधियों के नेतृत्व विकास को भी प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि सीखने की प्रक्रिया निरंतर चलनी चाहिए। हाल ही में विधानसभा सदस्यों के लिए रायपुर IIM में आयोजित पब्लिक लीडरशिप प्रोग्राम इसका उदाहरण है, जहां नेतृत्व और प्रशासन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध हैं। (CG Silver Jubilee Celebration)

वहीं राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि राष्ट्रपति का स्वागत करता हूं। तीसरी बार इस विधानसभा में राष्ट्रपति आई हैं। हमारी सरकार अटल निर्माण वर्ष मना रही है। विकास के काम प्राथमिकता से किए जाएंगे, जिससे हम अटल जी के सपने को साकार कर पाएंगे। राज्यपाल डेका ने कहा कि इस विधानसभा में बेल में घुसने पर सदस्य स्वयं निलंबित हो जाते हैं। 90 में से 19 महिला विधायक इस सदन में है, जो कुल संख्या का करीब 21 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया यहां की पहचान है। सब संकल्प लेते हैं कि छत्तीसगढ़ को आगे ले जाएंगे। (CG Silver Jubilee Celebration)

राष्ट्रपति मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि प्रदेश अपना रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आईं। उन्होंने पौधारोपण किया और सभी सदस्यों का मार्गदर्शन किया है। इससे सभी सदस्यों का उत्साहवर्धन हुआ है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति की तारीफ की है। ओडिशा और छत्तीसगढ़ के संबंधों की भी चर्चा की है। डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति ने भी नक्सलवाद के विषय को चिन्हित किया। राष्ट्रपति ने कहा-समूचे देश में यह चर्चा है। सशक्त नक्सलिज्म अब समाप्त होने वाला है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी यह अंतिम चरण में है। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने न केवल शेष भारत बल्कि विश्व की सभी लोकतांत्रिक प्रणालियों के लिए उत्कृष्ट संसदीय आचरण का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है। छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं विद्यमान हैं। राज्य के आप सब नीति-निर्माताओं पर विकास और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही समाज के सभी वर्गों को आधुनिक विकास-यात्रा से जोड़ना भी आपका उत्तरदायित्व है। (CG Silver Jubilee Celebration)

Back to top button
error: Content is protected !!