कल से शुरू होगी चारधाम यात्रा, 25 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ के कपाट, मौसम बन रहा रोड़ा

Chardham Yatra 2023 Update: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा कल से शुरू होगी। 22 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलेंगे। जबकि 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बद्री विशाल के दर्शन शुरू होंगे। बता दें कि चारधाम यात्रा अब 6 दिनों में भी पूरी यात्रा संभव है। ऋषिकेश के सड़क मार्ग से चारधाम यात्रा पूरी करने में पहले करीब 7 दिन लगते थे, जो इस बार 6 दिन में पूरी हो सकती है, क्योंकि 85% रास्ता सुगम हो चुका है। हालांकि रुकते-रुकाते यात्रा का इरादा है तो 9 से 10 दिन लगेंगे।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के दिग्गज नेताओं के ट्विटर ID से हटा ब्लू टिक, जानिए किसका-किसका नाम शामिल

इस बीच चारधाम यात्रा को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। दरअसल, उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में बद्रीनाथ और केदारनाथ की ऊंची पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में रूक-रूक कर बारिश होने से चारधाम यात्रा की तैयारियों में बाधा आ रही है। कुछ दिनों से चार धार यात्रा की तैयारियों में मौसम एक बड़ी समस्या बनकर आई है। अधिकारियों ने बताया कि हिमपात, बारिश और सर्द हवाओं के चलते चमोली और रूद्रप्रयाग जिलों में तापमान काफी नीचे आ गया है।

वहीं चारधाम यात्रा से एक दिन पहले गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर डेंजर जोन सक्रिय हो गए हैं। गंगोत्री हाईवे हेलगूगाड़ में भूस्खलन के कारण एक घंटे तक बंद रहा तो वहीं यमुनोत्री हाईवे खनेड़ा किसाला के समीप चट्टान दरकने से 13 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा। हाईवे पर डेंजर जोन के सक्रिय होने से सुरक्षित यात्रा कैसे होगी इस पर संशय बना हुआ है। केदारनाथ और उसके आसपास के इलाकों में ताजा हिमपात होने से धाम को जाने वाला पैदल रास्ता फिर बर्फ की चादर से ढक गया है। यात्रा व्यवस्थाओं के लिए तैयारियां में जुटे कार्मिक खराब मौसम के कारण सही ढंग से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने से ठीक पहले रास्तों पर बर्फ जमाव ने अधिकारियों को चिंता में डाल दिया है।

जानकारी के लिए बता दें कि ज्यादातर श्रद्धालु ऋषिकेश के भद्रकाली तिराहे से चारधाम यात्रा शुरू करते हैं, जहां चेकपोस्ट पर रजिस्ट्रेशन ID और गाड़ी का ग्रीन कार्ड चेक कराना होगा। दूसरा चेकपोस्ट ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर ब्रह्मपुरी में है। प्रशासन की हरी झंडी के बाद सफर शुरू कर सकते हैं। चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा बढ़ रही है। 5-6 कंपनियां 18-20 हेलीकॉप्टर चला रही है। हरिद्वार से यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ होते हुए बद्रीनाथ की यात्रा 4 दिन और 5 रातों में पूरी होती है। एक हेलीकॉप्टर में 6 लोग जाते हैं। आपका वजन 75 किलो से ज्यादा है तो प्रति किलो 1000 रुपए अतिरिक्त लगेंगे। दो साल से छोटे बच्चों का कोई चार्ज नहीं लगेगा। वहीं कंपनी देहरादून स्टेशन या एयरपोर्ट से पिक करेगी। (Chardham Yatra 2023 Update)

बता दें कि चारधाम यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 1 लाख 8 हजार रुपए और दो दिन में दो धाम (केदारनाथ, बद्रीनाथ) के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए देने होंगे।रुकने से टैक्सी तक का खर्च कंपनी उठाएगी। देहरादून में हयात रिजेंसी, खरसाली (यमुनोत्री) में यमुनोत्री कॉटेज, हर्षिल (गंगोत्री) में हिमालयन नेचर रिसॉर्ट, सिरसी (केदारनाथ) में तेल विंड्स रिसॉर्ट और बद्रीनाथ में सरोवर पोर्टिको जैसे लग्जरी रिजॉर्ट में ठहराते हैं। बद्री विशाल के कपाट 27 अप्रैल को खुलेंगे। जब श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे तो उन्हें बिल्कुल अलग नजारा दिखाई देगा। दरअसल, बद्रीनाथ धाम के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। ये प्रोजेक्ट करीब 450 करोड़ रुपए का है। (Chardham Yatra 2023 Update)

Related Articles

Back to top button