
Chhattisgarh BJP on Congress: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। इस बीच बीजेपी-कांग्रेस में वार-पलटवार जारी है। इसी कड़ी में बीजेपी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने रायपुर जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। साथ ही कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर जारी किया, जिसमें उन्होंने सवाल पूछा कि घोषणा पत्र के लिए जनता के बीच जाने से कांग्रेस क्यों डरी हुई है।
यह भी पढ़ें:- बेटियां देश-प्रदेश, समाज, परिवार की शान, मान और अभिमान होती हैं: CM साय
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि 2018 के चुनावों में कांग्रेस ने बढ़-चढ़कर घोषणा पत्र में जनता से सुझाव लेने की बात को प्रचारित किया था। इसके लिए बाकायदा TS बाबा जगह-जगह घूमे थे, लेकिन इस बार नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस ने जनता से कन्नी काट ली है। कांग्रेस पार्टी और PCC चीफ दीपक बैज जनता से भाग रही है। जनता के बीच जाने से डर रही है। उन्होंने कहा कि अखबारों में प्रकाशित खबरों के मुताबिक कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार हो गया है, लेकिन उसमें जनता की सोच, जनता की मांग, जनता का संकल्प नहीं है। आखिर कांग्रेस ने ऐसा क्यों किया? इसका जवाब सीधा-सा है कि कांग्रेस किस मुंह से जनता के पास जाती।
भाजपा महामंत्री श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले 5 साल सरकार चलाते कांग्रेस ने जिस प्रकार जनता के सपनों को कुचला, अब वह जनता के बीच जाने से घबरा गई है। कांग्रेस का विजन सिर्फ भ्रष्टाचार है। कांग्रेस का संकल्प सिर्फ कुशासन है। यह कांग्रेस भी जानती है और जनता भी जान गई है। इसीलिए कांग्रेस ने जनता से सुझाव नहीं मांगे। दीपक बैज बताएं जनता से इतना क्यों डर रहे हैं? भाजपा ने 2023 में जनता से सुझाव मांगे। जनता के सुझावों से अपना संकल्प पत्र बनाया और 1 साल में उसे पूरा भी किया। इसीलिए भाजपा अब फिर जनता के बीच जा रही है। इसके लिए whatsapp नंबर 9111014400 से, QR कोड को स्कैन करके और ई-मेल morsujhav@bjpcg.com जारी किया है।