Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Crimes News : 50 लाख की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, ज़मीन में गाड़ा था सोना-चांदी, पांच आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes News : दुर्ग शहर महावीर कॉलोनी में 24 जून की रात हुई बड़ी चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने शनिवार को इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 50 लाख रुपये के चोरी के सामान को बरामद कर लिया। चोरी में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

यह भी पढ़े :- वनों से समृद्धि की ओर : छत्तीसगढ़ में आधुनिक आयुर्वेदिक प्रसंस्करण इकाई का लोकार्पण आज

यह मामला दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां चोरों ने एक मकान की खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध स्प्लेंडर बाइक पर घूमते दिखे। जांच के बाद दोनों की पहचान रंजीत डहरे और रोशन मारकंडे के रूप में हुई।

पुलिस ने खैरागढ़ के ग्राम केकराजबोड़ में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी स्वीकार की। आगे की जांच में नागपुर से आकाश सोनी को पकड़ा गया, जिसने चोरी का चांदी का सामान खरीदा था।

इसके अलावा चोरी का शेष माल योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे और रविशंकर बंजारे के पास मिला। चौंकाने वाली बात यह रही कि योगेश्वरी ने चोरी का माल पुलिस से बचने के लिए ज़मीन में गाड़ दिया था। डीएसएमडी (मेटल डिटेक्टर) उपकरण की मदद से पुलिस ने जमीन से सोना, चांदी और नगदी बरामद किया।

बरामद सामान:

332.110 ग्राम सोना
3.300 किलोग्राम चांदी
₹9.76 लाख नगद

चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹50 लाख आंकी गई है। आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

रंजीत डहरे (30), ग्राम लिटिया, जिला राजनांदगांव
रोशन मारकंडे (23), मिनीमाता नगर, नागपुर
योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे (32), केकराजबोड़, खैरागढ़
रविशंकर बंजारे (32), लखौली, राजनांदगांव
आकाश मन्नालाल सोनी (28), मिनीमाता नगर, नागपुर

इस सफल कार्रवाई में दुर्ग पुलिस और एसीसीयू (Anti Crime and Cyber Unit) की भूमिका अहम रही। (Chhattisgarh Crimes News)

Back to top button
error: Content is protected !!