हिमाचल में खतरे में सुक्खू सरकार, भाजपा विधायकों ने गवर्नर से की मुलाकात

Sukhu Government in Danger: हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा के लिए हुए चुनाव के बाद CM सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार खतरे में आ गई है। दरअसल,  भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन ने राज्यसभा की एकमात्र सीट जीत ली है। विधानसभा में बहुमत के बावजूद कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी चुनाव हार गए। वोटिंग में दोनों को 34-34 वोट मिले, जिसके बाद लॉटरी के जरिए भाजपा उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया गया। हिमाचल में कांग्रेस के 6 और 3 निर्दलीय विधायकों ने भाजपा के हक में क्रॉस वोटिंग की। इस बीच हिमाचल के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व CM जयराम ठाकुर बुधवार को गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला से मिलने पहुंचे।

यह भी पढ़ें:- राज्यसभा चुनाव में BJP का दबदबा, UP में 8 सीटों पर जीत दर्ज, हिमाचल में भी कब्जा

मुलाकात के दौरान जयराम ठाकुर ने फ्लोर टेस्ट की मांग की है। साथ ही गवर्नर से कहा कि फाइनेंशियल बिल पर वोटिंग कराई जाए। अगर गवर्नर विपक्ष की मांग पर बहुमत साबित करने को कहते हैं तो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुश्किल में पड़ सकते हैं। हिमाचल में कुल 68 सीटें हैं, जिसमें बहुमत का आंकड़ा 35 है। 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 40 और भाजपा को 25 सीट मिली थी। 3 सीटों पर निर्दलीय विधायक जीते। अब 6 कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग भाजपा के पक्ष में हुई है। अगर ये पाला बदलते हैं तो सुक्खू सरकार के पास 34 सीटें बचेंगी यानी बहुमत से एक कम। इनमें से फ्लोर टेस्ट के दौरान विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर वोटिंग नहीं कर पाएंगे यानी कांग्रेस सरकार के पास सिर्फ 32 वोट ही बचेंगे। क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस और निर्दलीय विधायक भाजपा के पाले में जाते हैं तो संख्या बल में उसे कांग्रेस से बढ़त मिल जाएगी। (Sukhu Government in Danger)

मौजूदा स्थिति में BJP के पास अब संख्या बल ज्यादा हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए थोड़ी राहत एंटी डिफेक्शन लॉ से मिल जाएगी। इस कानून के तहत क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक फ्लोर टेस्ट में सरकार के खिलाफ वोट नहीं डाल पाएंगे। इस लॉ के मुताबिक एक पार्टी का विधायक दूसरे दल को वोट नहीं दे सकता है। अगर वोट देता है तो उसकी सदस्यता जा सकती है। ये लॉ राज्यसभा चुनाव की वोटिंग में लागू नहीं होता है। बाकी जगह लागू होता है। हिमाचल को लेकर कांग्रेस हाईकमान एक्टिव हो गई है। हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा और कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार को संकट सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई है। (Sukhu Government in Danger)

दोनों नेता आज शिमला पहुंच सकते हैं। हिमाचल DGP ने शिमला में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। दूसरे जिलों से रिजर्व बटालियन बुलाई है। फ्लोर टेस्ट से पहले हिमाचल सरकार के लिए बड़ी चुनौती फाइनेंशियल ईयर 2024-25 का बजट पास कराने की है। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कल यानी 29 फरवरी को सदन में बजट पास करना है, लेकिन सरकार इसे आज भी पारित करने के लिए सदन में ला सकती है। जानकारों का कहना है कि भले कांग्रेस विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में एंटी वोट किया है, लेकिन बजट पारित करने में वह एंटी वोट नहीं कर सकेंगे, क्योंकि मुख्य सचेतक ने पहले ही व्हिप जारी कर रखा है। इसे नजरअंदाज करने पर पार्टी विधायकों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। अब देखना होगा कि आगे क्या-क्या समीकरण बनते हैं। (Sukhu Government in Danger)

Related Articles

Back to top button