नेपाल से आए राष्ट्रीय पदाधिकारियों का छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ ने किया सम्मानित
Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh : छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ ने पड़ोसी देश नेपाल के स्वजातीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम प्रदेश कार्यालय भामाशाह भवन, टिकरापारा, रायपुर में आयोजित किया गया, जहां वैश्य महासंघ नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमेश्वर महासेठ, सचिव रामउदार महासेठ, शत्रुघ्न महासेठ एवं पटना बिहार से दिलीप कुमार (ऑल इंडिया सोरी डॉक्टर एसोसिएशन) को शाल, श्रीफल और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के संयोजक इंजी. यशवंत साहू रहे।
नेपाल से आए प्रतिनिधियों ने गर्वपूर्वक कहा कि नेपाल और भारत के बीच प्राचीन काल से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। उन्होंने भारत आगमन को अपने ही घर जैसा अनुभव बताया और भारत-नेपाल मैत्री को विभिन्न क्षेत्रों में और प्रगाढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने भगवान श्री राम के ननिहाल चंदखुरी स्थित माता कौशल्या के दर्शन किए और तैलिक कुल की शिरोमणि माता भक्तिन राजिम के ऐतिहासिक महत्व को भी समझा।
पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ का 80 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए काठमांडू गया था, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक सहित प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए थे। इसी सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप अब नेपाल के स्वजातीय बंधु लगातार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मैत्री संबंधों को और बढ़ावा मिल रहा है।
इससे पूर्व भी रायपुर में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय स्तर के अधिवेशन में नेपाल से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। (Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh)
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ के सचिव छोटेलाल साहू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी विष्णु राम साहू, देवेंद्र कुमार साहू, पुखराज साहू, सुरेश साहू एवं नेमीचंद साहू उपस्थित रहे। (Chhattisgarh Pradesh Sahu Sangh)



