राजधानी रायपुर में बनेगा योग का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 10 सितंबर को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम

Chhattisgarh Yoga Ayog: छत्तीसगढ़ योग आयोग की ओर से रायपुर के बूढ़ापारा स्थित बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सेतुबंध आसन का सामूहिक प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना स्थान दर्ज कराया जाएगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ योग आयोग पहले भी गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना स्थान बना चुका है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा लोगों को योग के महत्व के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- G-20 रात्रिभोज आमंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री बघेल बोले- दिल्ली नो फ्लाई जोन, कैसे जाऊं?
योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा ने बताया कि सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में आधे घंटे तक सेतुबंध आसन के साथ-साथ अन्य आसनों, प्राणायामों और ध्यान का अभ्यास भी कराया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिकगण भी शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा सभी नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर भारत की प्राचीन विद्या ‘योग’ के रिकॉर्ड प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के प्रतिभागी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिनके द्वारा 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से योगासानों का पूर्व अभ्यास किया जाएगा। (Chhattisgarh Yoga Ayog)
छत्तीसगढ़ योग आयोग का उद्देश्य
बता दें कि छत्तीसगढ़ योग आयोग का मूल उद्देश्य राज्य के प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। नागरिकों को स्वस्थ जीवन शैली और निरोग जीवन जीने के लिए योग से परिचित कराना है। छत्तीसगढ़ योग आयोग देश का प्रथम योग आयोग है, जो अपने गठन के बाद लगातार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक कर रहा है। इसके लिए प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के विभिन्न शहरों के गार्डनों, सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और कॉलेजो में निशुल्क योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। (Chhattisgarh Yoga Ayog)



