Chhattisgarh : युवती की संदिग्ध हालात में मौत, मां ने बॉयफ्रेंड पर जिंदा जलाने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimes News : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की मां ने बेटी के प्रेमी पर जिंदा जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह भी पढ़े :- PM Kisan की 22वीं किस्त पर टिकी निगाहें, होली से पहले आ सकते हैं 2,000-4,000 रुपये
जानकारी के अनुसार, दिशा मरावी वार्ड नंबर 11 झूलकदम की रहने वाली थी। उसका प्रेम संबंध सकरेली कला निवासी योगेंद्र साहू से बताया जा रहा है। मृतका की मां मीना मरावी का आरोप है कि 24 जनवरी 2026 को दिशा को एक होटल में बुलाया गया, जहां विवाद के बाद उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद युवक के दोस्तों ने युवती को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। किसी अज्ञात नंबर से युवती की मां को सूचना दी गई कि दिशा गंभीर रूप से झुलसी हालत में बिहान नर्सिंग होम में भर्ती है। मां के अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। दिशा को बर्न उपचार सुविधा वाले अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां 1 फरवरी को उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बिलासपुर के तारबाहर थाना में शून्य पर केस दर्ज किया गया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन केस डायरी और रिपोर्ट अब तक सक्ती पुलिस को नहीं सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मीना मरावी ने इस मामले में महेंद्र कुमार सिदार और आशीष पटेल की संलिप्तता का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अस्पताल ले जाते समय दिशा ने पूरी घटना की जानकारी दी थी। साथ ही यह भी आरोप है कि घटना की जगह को लेकर दबाव बनाया गया।
मां ने सवाल उठाया है कि क्या दिशा का बयान लिया गया था। यदि लिया गया, तो परिवार को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। आदिवासी परिवार होने के कारण मामले को दबाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। (Chhattisgarh Crimes News)
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है। (Chhattisgarh Crimes News)



