छत्तीसगढ़ में फाइनल वोटर लिस्ट जारी, प्रदेश में बढ़े 1.97 लाख मतदाता

Chhattisgarh Final Voter List: छत्तीसगढ़ में फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। वहीं फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद पंजीकृत मतदाताओं की संख्या में एक लाख 97 हजार 490 की बढ़ोतरी हुई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद 1 जनवरी 2023 की स्थिति में 5 जनवरी को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है। इसके मुताबिक प्रदेश में अभी पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या एक करोड़ 94 लाख 54 हजार नौ है। इनमें 97 लाख 27 हजार 594 पुरूष मतदाता और 97 लाख 26 हजार 415 महिला मतदाता हैं। प्रदेश में एक लाख 46 हजार 981 दिव्यांग (PwDs) और 811 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

यह भी पढ़ें:- CM भूपेश ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह से की मुलाकात, फिर किया पलटवार, पढ़ें पूरी खबर

प्रदेश का लिंगानुपात (Gender Ratio) निर्वाचक नामावलियों के 9 नवंबर 2022 को प्रारंभिक प्रकाशन के समय 999 था, जो कि 5 जनवरी 2023 को अंतिम प्रकाशन की स्थिति में 1000 हो गया है। प्रारंभिक प्रकाशन के समय प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 92 लाख 56 हजार 064 थी, जिनमें 96 लाख 30 हजार 671 पुरूष मतदाता और 96 लाख 25 हजार 393 महिला मतदाता शामिल थीं। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पांच लाख 74 हजार 060 नए मतदाताओं के नाम फार्म-6 के माध्यम से जोड़े गए हैं। जबकि तीन लाख 76 हजार 570 नामों को फार्म-7 के आधार पर नियमानुसार विलोपित किया गया है। इस प्रकार प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में एक लाख 97 हजार 490 की बढ़ोतरी हुई है। (Chhattisgarh Final Voter List)

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद राज्य में ईपी रेशियो (Electoral Population Ratio) 64.46 प्रतिशत हो गया है। निर्वाचक नामावलियों के प्रारंभिक प्रकाशन के समय यह 60.37 प्रतिशत था जो कि राज्य की प्रोजेक्टेड आबादी तीन करोड़ 18 लाख 97 हजार 303 के आधार पर थी। वर्ष 2023 के लिए छत्तीसगढ़ की प्रोजेक्टेड आबादी तीन करोड़ एक लाख 80 हजार निर्धारित की गई है। प्रोजेक्टेड जनसंख्या के पुनर्निर्धारण के बाद अब राज्य का ईपी रेशियो निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन के बाद 64.46 प्रतिशत हो गया है। (Chhattisgarh Final Voter List)

प्रदेश की प्रोजेक्टेड आबादी तीन करोड़ एक लाख 80 हजार में 18 साल से ज्यादा के लोगों की संख्या दो करोड़ 81 हजार 174 है। निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन में राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 94 लाख 54 हजार नौ है, जो कि प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक की कुल जनसंख्या का 96.88 प्रतिशत है। राज्य में 18-19 साल आयु समूह में प्रोजेक्टेड जनसंख्या पांच लाख आठ हजार 753 के खिलाफ तीन लाख नौ हजार 464 मतदाता पंजीकृत हैं। प्रारंभिक प्रकाशन में 18-19 साल आयु वर्ग के कुल 94 हजार 435 मतदाता थे। इस प्रकार इस आयु वर्ग में दो लाख 15 हजार 029 नए मतदाताओं का पंजीयन हुआ है। प्रदेश में 20-29 वर्ष आयु वर्ग की प्रोजेक्टेड आबादी 48 लाख 31 हजार 663 के खिलाफ 42 लाख 86 हजार 538 मतदाता पंजीकृत हैं। (Chhattisgarh Final Voter List)

निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 में कुल 76 मतदान केंद्रों की बढ़ोतरी हुई है। इस प्रकार अब राज्य में कुल 23 हजार 907 मतदान केंद्र और 18 हजार 859 मतदान केंद्र लोकेशन्स हैं। प्रदेश में सर्विस वोटर्स की संख्या 19 हजार 849 दर्ज की गई है। इस बार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में 17 साल से ज्यादा के युवाओं के अधिक से अधिक पंजीयन कराने के लिए राज्य के सभी हायर सेकण्डरी स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष कैंप आयोजित किए गए थे। आगामी साल की अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर के लिए भी 77 हजार 052 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका अगले साल तिमाही में निराकरण किया जाएगा। (Chhattisgarh Final Voter List)

विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के 5726 नए मतदाताओं को जोड़ा गया

राज्य के 18 जिलों में पांच विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों (PVTGs) कमार, बिरहोर, पहाड़ी कोरवा, बैगा और अबूझमाड़िया निवासरत हैं। प्रदेश में इन जनजातीय समूहों के कुल एक लाख 86 हजार 198 लोग रहते हैं जिनमें एक लाख 15 हजार 070 अठारह वर्ष से अधिक के हैं। इनमें से एक लाख सात हजार 558 लोगों के नाम मतदाता सूची में पहले से ही पंजीकृत थे। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 के दौरान सघन अभियान चलाकर इन समूहों के 5726 नए मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। राज्य में अब विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या एक लाख 13 हजार 284 है, जो उनकी कुल जनसंख्या का 60.84 प्रतिशत है।

CEO रीना बाबा साहब कंगाले ने बताया कि रायपुर जिले में सबसे अधिक 17 लाख 84 हजार 799 वोटर हैं। जबकि सबसे कम वोटर नारायणपुर जिले में 83 हजार 189 हैं। वहीं बस्तर जिले में महिलाएं 29 लाख 4 हजार 68 पुरुषों 27 लाख 4 हजार 119 मतदाताओं से ज्यादा हैं। चुनाव आयोग ने पांच नए जिलों की भी मतदाता सूची बनवाई। बालोद, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव,महासमुंद, मोहला – मानपुर -चौकी, नारायणपुर,रायगढ़,राजनांदगांव, सुकमा, सरगुजा और कांकेर जिले में भी महिला वोटर पुरुषों की तुलना में अधिक हैं। (Chhattisgarh Final Voter List)

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने महिलाओं की निर्वाचन के प्रति जागरूकता और सतर्कता को लोकतंत्र के लिए अच्छे संकेत बताया। मतदान में भी कई बार वे पुरुषों की तुलना में आगे रहती हैं। इस बार चुनाव आयोग के नक्शों पर नए जिले भी आए हैं। पिछले साल 28 जिलों की वोटर लिस्ट बनी थी। इस साल पांच नए जिलों सारंगढ़- बिलाईगढ़, मोहला -मानपुर – चौकी, मनेंद्रगढ़ – चिरमिरी – भरतपुर, खैरागढ़ – छुईखदान – गंडई और सक्ती की अलग वोटर लिस्ट बनी है। यानी कुल 33 जिलों की मतदाता सूची बनाई गई है। (Chhattisgarh Final Voter List)

Related Articles

Back to top button