US China Tariff War: चीन ने अमेरिका को दिया मुंह तोड़ जवाब, 84% टैरिफ लगाने का ऐलान

US China Tariff War: अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापारिक तनाव में एक नया मोड़ आया है। अमेरिका ने चीन से आयातित वस्तुओं पर टैरिफ को बढ़ाकर 104% कर दिया था, जिसके जवाब में चीन ने भी पलटवार करते हुए अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ को 84% तक बढ़ाने की घोषणा की है। यह नया टैरिफ 10 अप्रैल 2025 से लागू होगा।
यह कदम दोनों देशों के बीच टैरिफ वॉर (US China Tariff War) को और गहरा कर रहा है, जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार पर पड़ सकता है। चीन का कहना है कि यह जवाबी कार्रवाई अमेरिका के “एकतरफा और उकसावे वाले” कदमों के खिलाफ उसकी संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है। दूसरी ओर, अमेरिका का दावा है कि यह टैरिफ नीति उसके आर्थिक हितों को संतुलित करने के लिए जरूरी है।
इस बढ़ते टकराव से दोनों देशों के उपभोक्ताओं को महंगे सामान का सामना करना पड़ सकता है और वैश्विक बाजारों में अस्थिरता बढ़ सकती है।
10 अप्रैल से लागू होंगे चीन के टैरिफ
चीन के वित्त मंत्रालय ने गुरुवार से सभी अमेरिकी वस्तुओं पर 84 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की है। यह पहले घोषित 34 फीसदी से ज्यादा है। मंत्रालय ने कहा कि ये नए शुल्क 10 अप्रैल को से लागू होंगे। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चीनी वस्तुओं पर 104 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के बाद उठाया गया है। चीन ने ट्रंप के 104 फीसदी टैरिफ लागू होने के बाद अमेरिका पर ‘घमंडी और धमकाने वाला व्यवहार’ करने का आरोप लगाया था।
पिछले शुक्रवार को चीन ने ट्रंप के ‘लिबरेशन डे’ टैरिफ के जवाब में अमेरिका से आयातित सभी वस्तुओं पर 34 फीसदी टैरिफ, दुर्लभ पृथ्वी खनिजों पर निर्यात नियंत्रण के अलावा अन्य उपायों की घोषणा की थी। उसके बाद ट्रंप ने चीन पर 50 फीसदी टैरिफ जोड़ते हुए कहा कि उनके साथ बातचीत समाप्त हो गई है।
पिछले महीने तक चीन पर लगता था 10% टैरिफ
पिछले महीने तक अमेरिका चीन पर 10 फीसदी टैरिफ लगाता था। इसके बारे में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि इसने अमेरिकी अर्थव्यवस्था से अरबों डॉलर की लूट की है। कारण है कि ‘टैरिफ का दुरुपयोग करने वाले’ बीजिंग ने अमेरिकी वस्तुओं पर कहीं अधिक टैरिफ लगाया है। पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने ‘जवाबी टैरिफ’ कदम की घोषणा की थी।चीन के लिए यह अतिरिक्त 34 फीसदी था।
2 अप्रैल को राष्ट्रपति ट्रंप की टैरिफ की घोषणा के कुछ ही मिनटों बाद व्हाइट हाउस ने संवाददाताओं को बताया कि अमेरिका सभी देशों पर ‘बेसलाइन’ 10 फीसदी टैरिफ लगा रहा है। चीन के टैरिफ की टोकरी अब 54 फीसदी हो गई है। (US China Tariff War)



