India Flood: बारिश और बाढ़ से हालात हो रहे गंभीर, महाराष्ट्र में 102 और गुजरात में 106 लोगों की मौत

India Flood: देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर लगातार जारी है। महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल और असम के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। महाराष्ट्र में मानसून आने के बाद से अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारी बारिश के बाद राहत और बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। गुजरात के 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। असम में 2.10 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। देश में मानसून को आए 46 दिन हो चुके हैं। 16 जुलाई तक सामान्य रूप से 294.2 मिमी बारिश होनी थी, लेकिन यह आंकड़ा 335.2 मिमी पहुंच चुका है। इस लिहाज से सामान्य से 14% ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि UP, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे चार राज्यों में सूखे जैसे हालात हैं।

यह भी पढ़ें:- Notices Issued: न्याय योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही, 14 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

बता दें कि गुजरात में 15 दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। 24 घंटों में डूबने, दीवार गिरने और करंट लगने से 11 और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा 106 पहुंच गया। अहमदाबाद, सूरत, नवसारी, डांग और गिर-सोमनाथ में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई। वहीं, गिर-सोमनाथ जिले में देर रात तक बारिश का दौर जारी रहने से करीब 10 घंटों में वेरावल में 5 और सूत्रापाड़ा में 4 इंच बारिश हुई। मूसलाधार बारिश के चलते देवका, सरस्वती और हिरन नदियां उफान पर हैं। उधर, नवसारी इलाके में अंबिका नदी का जलस्तर बढ़ने के चलते नदी के किनारे बसे सोनवाडी की स्थिति बेहद खराब है। (India Flood)

इधर, मौसम विभाग ने 9 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। गुजरात के तटीय क्षेत्रों में चक्रवात का असर देखा जा रहा है। इससे राज्य तटीय पश्चिमी इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने से भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दक्षिण गुजरात सहित कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। NDRF की 25 टीमें राज्य में तैनात की गई हैं। MP के छिंदवाड़ा में शनिवार सुबह एक युवक उफनते नाले के बीच फंस गया। ग्रामीणों ने रस्‍सी के सहारे उसे सुरक्षित बाहर निकाला। मध्य प्रदेश में 15 दिन से तेज बारिश हो रही है। प्रदेश में अब तक 12.76 इंच बारिश हो चुकी है। यह अब तक की सामान्य बारिश 10.81 इंच से 18% ज्यादा है। (India Flood)

MP के 49 जिलों के 196 शहरों और कस्बों में बारिश हुई। मौसम केंद्र ने शनिवार को नर्मदापुरम संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट और भोपाल संभाग सहित मालवा, निमाड़ और महाकौशल इलाके के 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया। अनुमान है कि राज्य के ज्यादातर इलाकों में रुक-रुककर तेज बारिश हो सकती है। भारी बारिश से श्रीगंगानगर के अधिकतर इलाके पानी में डूब गए हैं। यहां रेस्क्यू के लिए सेना को बुलाना पड़ा है। राजस्थान में इस साल अच्छी बारिश हो रही है। अब एक भी जिला सूखा नहीं है। 21 जिलों में सामान्य से अधिक, जबकि 12 में सामान्य बारिश हुई है। श्रीगंगानगर में 10 घंटे में 260 मिमी, यानी 10.2 इंच पानी बरसा। इससे जुलाई में बारिश का 44 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा। जुलाई में 1978 में 4.2 इंच बारिश हुई थी। बारिश से शहर में पानी भर गया। सेना और BSF की 8 टीमें निकासी में जुटीं हैं। स्कूलों की छुट्‌टी कर दी गई है। (India Flood)

महाराष्ट्र में इस मानसूनी सीजन में बारिश के कारण हुए हादसों में अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन मौतें पिछले 24 घंटे में हुईं। बुलढाना, नासिक और नंदुरबार जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग लापता हैं। महाराष्ट्र के कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। गढ़चिरोली और चंद्रपुर जिलों में पिछले 24 घंटे में औसत 20.5 मिमी बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण मंजारा बांध में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पालघर जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पुणे और सतारा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि मुंबई, ठाणे, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

गौरतलब है कि देश में इस साल मानसून की बारिश थोड़ी देर से शुरू हुई थी, लेकिन अब तक सामान्य से 14% ज्यादा बारिश हो चुकी है। देश में मानसून को आए 46 दिन हो चुके हैं। 16 जुलाई तक सामान्य रूप से 294.2 मिमी बारिश होनी थी, लेकिन यह आंकड़ा 335.2 मिमी पहुंच चुका है। जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। इससे चिनाब नदी का जल स्तर बढ़ गया है। सरकार ने तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ने से सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों में करीब 500 से 600 एकड़ फसल जलमग्न हो गई है।

पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र में कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से इसके किनारे बसे गांवों की 500 एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। इसके अलावा और भी फसल खराब होने और पक्के मकानों में भी पानी घुसने की आशंका बनी हुई है। हालांकि फाजिल्का के तहसीलदार ने स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई है। कर्नाटक के कई जिलों में शुक्रवार को भी बारिश जारी रही। तेज बारिश के कारण 30 में से 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बेलगाम, चिकमंगलूर और हासन जिलों के स्कूलों में छुट्टी की गई। चिकमंगलूर, कोडागु और हासन जिलों में भी बारिश ने कहर बरपाया है। कर्नाटक सरकार ने बाढ़ प्रभावित जिलों में लगभग 14 राहत शिविर बनाए हैं।

असम में 2 लाख से ज्यादा प्रभावित

बता दें कि असम में 875.46 हेक्टेयर कृषि भूमि अब भी पानी में डूबी हुई है। असम में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई है। जानकारी के मुताबिक अभी भी 2 लाख 10 हजार 746 लोग बाढ़ से घिरे हैं। शुक्रवार को कछार जिले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई। इससे बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 194 हो गई है। 6 जिलों के कुल 799 गांव अभी भी पानी में डूबे हुए हैं। केरल में भारी बारिश से कासरगोड, कोझिकोड और वायनाड जिलों में नदियां उफान पर हैं। इसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को इनसे दूर रहने की चेतावनी दी है। विभाग ने कासरगोड, इडुक्की, वायनाड और कन्नूर में रेड अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button