CM विष्णुदेव साय ने साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल से की मुलाकात, बचपन की यादों को किया ताजा

CM Meet Litterateur Vinod: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के रायपुर स्थित निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। साथ ही उन्हें ज्ञानपीठ सम्मान की घोषणा पर हार्दिक बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल से कहा कि आपने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री साय ने सभी प्रदेशवासियों की तरफ से शुक्ल का सम्मान करते हुए उन्हें शॉल-श्रीफल और बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह नंदी भेंट किया। मुख्यमंत्री साय ने विनोद कुमार शुक्ल से कहा कि साहित्य के क्षेत्र में आपके विशिष्ट योगदान पर आपको देश का सबसे प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ सम्मान दिए जाने की घोषणा से पूरा प्रदेश गौरवान्वित अनुभव कर रहा है। यह मेरा सौभाग्य है कि खुशी के इस पल में आपसे भेंट करने का मुझे अवसर मिल रहा है।

यह भी पढ़ें:- आज छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विधानसभा के रजत जयंती समारोह में होंगी शामिल

मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल का कुशल क्षेम पूछते हुए उनके स्वास्थ्य के विषय में जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आप राजनांदगांव के रहने वाले हैं। राजनांदगांव छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी है। वहां गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी और बलदेव प्रसाद मिश्र जैसे साहित्यकारों ने अपनी साहित्य साधना की है। मुख्यमंत्री के राजनांदगांव का जिक्र करने पर शुक्ल ने अपने बचपन के नांदगांव की स्मृतियां उनके साथ साझा की। शुक्ल ने कहा कि मेरा जन्म राजनांदगांव में हुआ। बचपन का वह नांदगांव आज भी मेरे मन पर छाया हुआ है। मैं आज भी वहां जाता हूं तो उसी नांदगांव को ढूंढने की कोशिश करता हूं। मगर अब समय के साथ काफी बदलाव आ गया है। (CM Meet Litterateur Vinod)

CM साय ने ट्वीट कर कहा कि देश के सुप्रसिद्ध कवि-उपन्यासकार, छत्तीसगढ़ के गौरव विनोद कुमार शुक्ल से राजधानी के शैलेंद्र नगर स्थित उनके निवास पर मुलाकात का सुअवसर प्राप्त हुआ। विनोद कुमार शुक्ल की यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। यह मेरा सौभाग्य है कि खुशी के इस पल में उनसे भेंट करने का सौभाग्य मिला। मैं आश्वस्त करता हूं कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में साहित्य सृजन को समादृत और प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव प्रयत्न करेगी। सुप्रसिद्ध कवि-उपन्यासकार विनोद कुमार शुक्ल 3 करोड़ छत्तीसगढ़वासियों समेत समूचे भारत के गौरव हैं। आप सदैव हिंदी साहित्य की सेवा करते रहें, यही कामना है। मुख्यमंत्री ने विनोद कुमार शुक्ल के परिवारजनों से भी मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर और विनोद कुमार शुक्ल के परिवारजन समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। (CM Meet Litterateur Vinod)

Back to top button
error: Content is protected !!