संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी पारा हाई, सदन में होगा बड़ा सियासी मुकाबला, INDIA गठबंधन ने कसी कमर

Congress on Delimitation Bill: महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर सियासत तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन ने दिल्ली में बैठक कर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ने पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष का आरोप है कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन के जरिए राजनीतिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। वहीं DMK और NCP (शरद पवार गुट) के समर्थन ने विपक्षी एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अब हर कोई समझ गया है कि भाजपा के परिसीमन विधेयक का क्या मकसद है। असल में उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में जो किया है, वह सब जानते हैं। परिसीमन देश को बांटने का उनका एजेंडा है। सभी ये जानते हैं।
यह भी पढ़ें:- परिसीमन बिल पर सियासी घमासान तेज, राहुल गांधी बोले- चुनावी नक्शा बदलने का अधिकार किसने दिया ?, INDIA गठबंधन ने रखी 3 मांगें
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि कई लोगों के मन में इस तरह के ख्याल जरूर आ रहे होंगे कि जो प्रतिनिधित्व होना चाहिए और प्रतिनिधित्व में जो न्याय या इंसाफ होना चाहिए, वो लोगों को लगता है कि नहीं हो रहा है। हम लोकतंत्र को बचाएंगे। हर हालत में, हर कीमत में हम बचाएंगे। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हमारी क्या रणनीति होगी उसे तय करने के लिए INDIA गठबंधन की बैठक हुई है, जितना हम लोगों ने देखा है या समझा है कि संविधान पर भाजपा के इस हमले से बचाने के लिए तमाम ऐसे लोग जो दिख नहीं रहे हैं, बोल नहीं रहे हैं, वे हमारे साथ नहीं हैं। हम ये कह सकते हैं कि महिलाओं के नाम पर झूठ बोला जा रहा है, परिसीमन के नाम पर उस पर भारत का मत भाजपा के विरोध में है। उन्होंने आगे कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि जब संविधान की बात आएगी तो सब एक हो जाएंगे, जिस तरह संविधान को अपमानित करते हुए संविधान पर हमला हो रहा है, हमें पूरा भरोसा है कि भारत जैसे देश में संविधान की रक्षा के लिए ऐसे लोग भी हमारे साथ खड़े होंगे जिनके बारे में विचार भी नहीं किया जा रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि ये पारित नहीं होगा।

OBC-अनुसूचित जाति और पिछड़ी जातियों को आरक्षण दे दीजिए: पप्पू यादव
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि पिछली बार जो आंकड़े हमारे पास थे वो आंकड़े हैं। कुछ लोगों को डरा-धमका कर, ऑपरेशन लोटस के तहत ED-CBI का डर दिखाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। अब कितने लोग उनसे डरेंगे ये देखना होगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि परिसीमन पर कांग्रेस का बिल्कुल साफ स्टैंड पहले दिन से है कि जातिगत जनगणना करिए, तभी आपको आर्थिक स्थिति का पता चल पाएगा। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ये सरकार हमेशा हड़बड़ी में रहती है। महिला आरक्षण बिल कांग्रेस और भाजपा की सहमति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में बहुत पहले ही पास हो चुका है। NDA गठबंधन की सरकार थी और राष्ट्रपति के पास बिल पास करवाकर हस्ताक्षर के लिए भेज दिए गए। कांग्रेस चाहती है कि महिलाओं को बराबरी का सम्मान मिले, लेकिन भाजपा महिलाओं का भी राजनीतिकरण करना चाहती है। हम तो भाजपा से आग्रह करेंगे कि अगर आप इतनी हड़बड़ी में हैं तो महिला बिल में OBC-अनुसूचित जाति और पिछड़ी जातियों को आरक्षण दे दीजिए। (Congress on Delimitation Bill)
अत्यंत पिछड़ी जाति को आप आरक्षण क्यों नहीं देते?: पप्पू
उन्होंने कहा कि अत्यंत पिछड़ी जाति को आप आरक्षण क्यों नहीं देते? परिसीमन का जो विषय है, उसका आधार क्या है? सीट बढ़नी चाहिए, सीट बढ़ेगी, लेकिन आप 50 प्रतिशत सीटों को बढ़ाने की बात करते हैं, लेकिन उसकी संख्या का आधार क्या होगा? दक्षिण आपके एजेंडे में नहीं है। हिंदी पट्टी में सीटों को बढ़ाते हुए आपने असम, जम्मू-कश्मीर में भी परिसीमन किया। आपने वहां अपने विरोधियों की सीटों को अलग-थलग कर दिया और अपनी सीटों की संख्या को बढ़ा दिया। पूरे देश में जब नाराजगी है, तब आपने जल्दबाजी में इस तरह के बिल को लाने की साजिश रची है। ये जनबल को खत्म करने, लोकसभा सीट को चोरी करने की साजिश है। आप जरूर परिसीमन लाएं। आधार, भारत की जनसंख्या, विपक्ष की सहमति के साथ लाएं लेकिन आप ED, CBI का डर दिखाकर पार्टियों को तोड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि शरद पवार ने दो बार कांग्रेस पार्टी छोड़ी है और कई बार इसके साथ गठबंधन भी किया है। अब जब कांग्रेस सत्ता में नहीं है तो वे भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। यह पूरी तरह से गलत है। यह सिर्फ भाजपा का समर्थन नहीं है, बल्कि देश के हितों के खिलाफ है। यह बुनियादी तौर पर गलत है। कृपया इस पर पुनर्विचार करें। उनके साथ जुड़ना एक बहुत बड़ी गलती होगी।
NCP-पवार गुट से कोई भी नेता शामिल नहीं हुए: वडेट्टीवार
कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा कि जो परिसीमन बिल लाया जाएगा, जिसे लेकर संसद में चर्चा होगी, उसको लेकर बैठक हुई है। इसमें NCP-पवार गुट से कोई भी नेता शामिल नहीं हुए। ये दुर्भाग्यपूर्ण है। इसका अर्थ यही है कि NCP-शरद पवार सत्ताधारी दल के साध जा रहे हैं। उन्होंने विचारों के साथ गद्दारी की है। ये केवल परिसीमन बिल नहीं है। आने वाले दिनों में इससे लोकतंत्र की हत्या होगी, क्योंकि परिसीमन के बाद जो स्थिति आएगी, उस स्थिति में कोई चुनाव निष्पक्ष नहीं होंगे, जहां पर सेक्युलर वोट हैं, विरोधियों के वोट हैं, उसे अलग करने का काम किया जाएगा। ये बिल केवल सत्ता में कायम रहने के लिए लाया जा रहा है। ये कदम लोकतंत्र को खत्म करने के लिए उठाया जा रहा है और दुर्भाग्यपूर्ण है कि शरद पवार उसका समर्थन कर रहे हैं। संविधान की हत्या करे वालों की सूची में उनका नाम भी लिखा जाएगा। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मोना मिश्रा ने कहा कि आज जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी की जो नीत है और नियत में दोनों में फर्क नजर आ रहा है। परिसीमन को महिला आरक्षण से जोड़ना ये महिलाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा है। कहीं भी ये नहीं लिखा है कि आप बिना परिसीमन के महिलाओं का आरक्षण लागू नहीं कर सकते तो आज भी अगर 33% आरक्षण देने की जो बात है, वो उनको दे देना चाहिए। (Congress on Delimitation Bill)
ये लोग प्रतिनिधित्व के अंदर खेल करने का काम कर रहे: मसूद
मोना मिश्रा ने कहा कि अगर हो सकता तो आज 2027 में यूपी का चुनाव है। बहुत सारी महिलाएं आरक्षण के माध्यम से सदन में आ सकती हैं और जिस तरह से दलित SC कोटा जो है उसको इससे प्रभाव होगा जिसमें कोई चेंज नहीं हो रहा उनका तो पुराने सेंसेक्स पर उस पर होगा तो वो भी एक बहुत बड़ा मुद्दा है ये जो नया लेकर आ रहे हैं, ये सबके लिए, सारे वर्गों के लिए अगर आप देखें तो वो उचित नहीं है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि INDIA गठबंधन के लंबे समय में सुप्रिया सुले अहम घटक रही हैं। INDIA गठबंधन राष्ट्रीय स्तर का गठबंधन है। उसके स्तर पर जो भी बातचीत चल रही है, उसी को हमारे सहयोगी दलों को भी बरकरार रखना चाहिए। DMK के परिसीमन बिल का समर्थन करने पर कहा कि उन्होंने ही सबसे पहले परिसीमन बिल के खिलाफ बातें रखी थी। उन्हें इस बात को भी ध्यान में रखना चाहिए। उत्तर भारत बनाम दक्षिण भारत की जो बातें हो रही हैं, उसे देखते हुए अगर उनकी यही भूमिका है तो उस पर उन्हें फिर विचार करना चाहिए। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि परिसीमन के बहाने ये लोग प्रतिनिधित्व के अंदर खेल करने का काम कर रहे हैं। ये पिछले 12 साल से लगातार चल रहा है। कल जस्टिस बी.आर. गवई ने भी राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी कि सुप्रीम कोर्ट के अंदर नियुक्तियों के दौरान भी जाति असंतुलन हुआ है।
ये लोग लगातार संविधान को रौंदने का काम कर रहे: मसूद
मसूद ने कहा कि ये लोग लगातार संविधान को रौंदने का काम कर रहे हैं। आप देखेंगे कि इसमें अति पिछड़ा समाज, SC या अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व बहुत कम है। इसका प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि देश का जो ताना-बाना है, उसे ये लोग बदलने का काम कर रहे हैं। संविधान भारत की आत्मा है और ये आंत्मा के साथ छेड़छाड़ है। कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने कहा कि परिसीमन पर कोई विवाद नहीं है। महिला आरक्षण पर कोई विवाद नहीं है। परिसीमन भी अपने समय पर होना चाहिए और महिला आरक्षण भी वर्तमान में एक-तिहाई मिलना चाहिए था। अप्रैल में जो बिल आया तब से आज तक क्या बदल गया? जिन दलों ने अपने लिए एक राय बना रखी थी, देश के सामने उन दलों ने अपनी बातों को रखा, लोगों ने कहीं न कहीं विश्वास भी व्यक्त किया कि ये बातें सही हैं तो 6 महीने में क्या ऐसी परिस्थितियां बदलीं या क्या हुआ, जो उनका पक्ष बदल रहा है? आज वे कुछ और बातें कर रहे हैं? जब उस समय आपके पास दो-तिहाई का आंकड़ा नहीं था और आज जब आप उस आंकड़ें को छूने का प्रयास कर रहे हैं तो क्या ऐसे प्रलोभन दिए गए? राजनीति में आपने नैतिकता को ताक पर रख दिया। राजनीति को एक मंडी में जो बदलने का प्रयास सत्ताधारी दल द्वारा किया जा रहा है, मैं इसकी कठोर निंदा करना चाहूंगा और देश के लोगों से भी कहना चाहूंगा कि देखिए,समझिए और परखिए कि राजनीति और लोकतंत्र में ये क्या हो रहा है।



