Google Analytics —— Meta Pixel

परिसीमन बिल पर सियासी घमासान तेज, राहुल गांधी बोले- चुनावी नक्शा बदलने का अधिकार किसने दिया ?, INDIA गठबंधन ने रखी 3 मांगें

Delimitation Bill Controversy: लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव ने देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देश का चुनावी नक्शा अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक में प्रस्तावित बिल का संयुक्त रूप से विरोध करने का फैसला लिया गया। विपक्ष ने लोकसभा की मौजूदा सीटें बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू करने और अगले 25 साल तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बनाए रखने की मांग की है। यह पूरा विवाद संसद के विशेष सत्र से पहले सामने आया है, जो 30 नवंबर से शुरू होना है।

यह भी पढ़ें:- परिसीमन विधेयक से लोकसभा की सीटें 815 करने की तैयारी, छत्तीसगढ़ में 11 से बढ़कर 17 हो सकती हैं सीट

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश में वोट चोरी को लेकर लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाए। राहुल ने पश्चिम बंगाल में 100 से ज्यादा सीटों पर वोट चोरी का दावा भी किया। परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है, ऐसे में लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्यों पड़ रही है? इस प्रस्ताव के जरिए भाजपा देश के इलेक्टोरल मैप यानी चुनावी नक्शे को दोबारा तैयार करना चाहती है, ताकि उसे राजनीतिक लाभ मिल सके। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि आखिर चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदलने का अधिकार किसने दिया है। राहुल ने आशंका जताई कि सीटों की संख्या बढ़ने के बाद चुनावी क्षेत्रों का नए सिरे से गठन कर उन समुदायों के प्रतिनिधित्व को प्रभावित किया जा सकता है, जो भाजपा के राजनीतिक विरोध में हैं। (Delimitation Bill Controversy)

850 सीटें बढ़ने से सत्ता का केंद्रीकरण होगा: खड़गे

INDIA गठबंधन की बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की बात कर रही है, लेकिन इससे लोकतंत्र और राज्यों के प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ेगा, इस पर पर्याप्त चर्चा नहीं हुई है। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित बिल में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है। उनका कहना है कि इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या उनकी आबादी के अनुपात में बढ़नी चाहिए, लेकिन प्रस्ताव में इसे लेकर स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने जनगणना के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए। अगर परिसीमन नई जनगणना के आधार पर किया जाता है तो SC-ST वर्गों को उनकी बढ़ी हुई आबादी के अनुसार प्रतिनिधित्व मिल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पहलू को नजरअंदाज कर रही है। खड़गे ने परिसीमन की जिम्मेदारी चुनाव आयोग को दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पहले ही सवालों के घेरे में है।

INDIA गठबंधन ने रखी तीन प्रमुख मांगें

खड़गे ने दावा किया कि मतदाता सूची से 10 करोड़ से ज्यादा लोगों के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग पर विपक्ष पहले से सवाल उठा रहा है, उसी के नेतृत्व में परिसीमन की प्रक्रिया कराना उचित नहीं होगा। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वहां भौगोलिक क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव राजनीतिक फायदे को ध्यान में रखकर किए गए। खड़गे ने कहा कि विपक्ष इस तरह की प्रक्रिया को स्वीकार नहीं करेगा। खड़गे के आवास पर हुई बैठक में विपक्षी दलों ने परिसीमन बिल के खिलाफ साझा रणनीति तैयार की। कांग्रेस ने तीन प्रमुख मांगें सामने रखी हैं। पहली- लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए। दूसरी- मौजूदा सीटों के आधार पर ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। तीसरी- अगले 25 सालों तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा नहीं बदला जाए। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण का विरोध नहीं है, लेकिन इसे परिसीमन और लोकसभा की सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया से जोड़ने पर सवाल हैं। INDIA गठबंधन के नेताओं ने प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक का संयुक्त रूप से विरोध करने का फैसला किया है।

बैठक में राहुल और प्रियंका गांधी समेत कई नेता शामिल

दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी समेत विपक्षी दलों के कई नेता शामिल हुए। बैठक में आरजेडी, सीपीआई, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। वहीं डीएमके, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल को भी बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था। हालांकि इन दलों के प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए। डीएमके ने बाद में प्रस्तावित विधेयक के समर्थन में अपना रुख सामने रखा। विपक्ष के विरोध के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा प्रस्ताव रखा है, जिसमें हर राज्य और हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। रिजिजू ने कहा कि इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना है। इससे संसद और विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखा गया है। (Delimitation Bill Controversy)

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, सांसदों को व्हिप जारी

रिजिजू ने विपक्ष से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई इस पहल का विरोध करता है तो महिलाएं ही नहीं, बल्कि पूरा देश उसे माफ नहीं करेगा। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से प्रस्तावित है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। केंद्र सरकार ने संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को कैबिनेट से मंजूरी दी है। प्रस्ताव में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने और राज्यों समेत केंद्रशासित प्रदेशों में विधानसभा सीटों की अधिकतम सीमा बढ़ाने का प्रावधान है। इसके तहत प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। महिला आरक्षण को परिसीमन के जरिए लागू करने की योजना भी इसी विधायी पैकेज का हिस्सा है। वहीं कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा में अपने सांसदों को व्हिप जारी कर विशेष सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। पार्टी ने सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने को कहा है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

अब संसद में आमने-सामने होंगे सत्ता पक्ष और विपक्ष

परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव अब संसद के विशेष सत्र तक पहुंच गया है। एक तरफ सरकार इसे महिला आरक्षण लागू करने और जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है, वहीं विपक्ष का आरोप है कि इसके जरिए चुनावी क्षेत्रों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की संरचना में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं। खास तौर पर 850 लोकसभा सीटों का प्रस्ताव, राज्यों के प्रतिनिधित्व का सवाल और SC-ST आरक्षण को लेकर उठाई गई आपत्तियां इस बहस के प्रमुख मुद्दे बन गए हैं। अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र पर है, जहां इस प्रस्ताव पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। सरकार जहां इसे महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने और संसद में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं विपक्ष को 850 सीटों के प्रस्ताव, राज्यों के प्रतिनिधित्व और चुनावी क्षेत्रों के पुनर्गठन पर आपत्ति है। अब देखना होगा कि संसद के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर सहमति बनती है या परिसीमन का मुद्दा एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़े राजनीतिक टकराव की वजह बनता है। (Delimitation Bill Controversy)

Back to top button
error: Content is protected !!