Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी ने लाल किले से की RSS की तारीफ, कांग्रेस नेताओं को नहीं आया रास

Congress on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले के प्राचीर से पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गर्व के साथ मैं इस बात का जिक्र करना चाहता हूं कि 100 साल पहले एक संगठन RSS का जन्म हुआ। 100 साल की राष्ट्र सेवा एक बहुत ही गौरवपूर्ण स्वर्णिम पृष्ठ है। RSS ने व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर 100 साल मां भारती के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सेवा, समर्पण, संगठन और अप्रतिम अनुशासन जिसकी पहचान रही है, ऐसा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक प्रकार से दुनिया का सबसे बड़ा NGO है। RSS का 100 साल का समर्पण का इतिहास है। मैं लाल किले की प्राचीर से 100 साल की इस राष्ट्र की सेवा में योगदान देने वाले सभी स्वयंसेवकों को स्मरण करता हूं। देश गर्व करता है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इस 100 साल की भव्य, समर्पित यात्रा को जो हमें प्रेरणा देती रहेगी।

यह भी पढ़ें:- Bank Holiday: जन्माष्टमी पर बैंकों की छुट्टी: जानें आज किन राज्यों में खुले रहेंगे और कहां बंद रहेंगे बैंक

इसे लेकर कांग्रेस नेताओं ने तंज कसा है। सांसद जयराम रमेश ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री का भाषण बासी, पाखंडी, नीरस और चिंताजनक था। विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और “सबका साथ, सबका विकास” जैसे वही दोहराए गए नारे साल-दर-साल सुने जा रहे हैं, लेकिन इनका कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। “मेड-इन-इंडिया” सेमीकंडक्टर चिप का वादा अनगिनत बार किया जा चुका है-हर बार धूमधाम से बिना परिणाम के। यह वादा दरअसल आज एक बड़े झूठ के साथ किया गया-जो PM मोदी की पहचान बन चुका है, क्योंकि भारत का पहला सेमीकंडक्टर कॉम्प्लेक्स 1980 के दशक की शुरुआत में ही चंडीगढ़ में स्थापित हो चुका था। किसानों की रक्षा की बात अब खोखली और अविश्वसनीय लगती है, क्योंकि उन्होंने तीन काले कृषि कानून थोपने की कोशिश की थी। आज भी MSP की कानूनी गारंटी, लागत पर 50% लाभ के साथ एमएसपी तय करने, या कर्ज़ माफी का कोई ठोस ऐलान नहीं है। (Congress on PM Modi)

रोजगार सृजन पर भी केवल दिखावटी बातें: रमेश

उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन पर भी केवल दिखावटी बातें की गई हैं, ठोस और विश्वसनीय रोडमैप का अभाव है। प्रधानमंत्री ने एकता, समावेशन और लोकतंत्र पर लंबा भाषण दिया, जबकि वे स्वयं चुनाव आयोग जैसी हमारी बुनियादी संवैधानिक संस्थाओं के पतन के जिम्मेदार और योजनाकार रहे हैं। विपक्ष के नेता द्वारा चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठाए गए बुनियादी सवालों का जवाब उन्होंने अब तक नहीं दिया है। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए लाखों मतदाताओं को वंचित किया जा रहा है। राज्यों को सशक्त बनाने के उनके दावे तब खोखले लगते हैं, जब केंद्र लगातार संघीय ढांचे को कमजोर कर रहा है और विपक्ष के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों को हाशिये पर धकेलने या उन्हें गिराने में लगा है। (Congress on PM Modi)

लाल किले की प्राचीर से RSS का नाम लेना चिंताजनक: जयराम

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस दूरदर्शिता, स्पष्टवादिता और प्रेरणा का क्षण होना चाहिए, लेकिन संबोधन आत्म-प्रशंसा और चुनिंदा कहानियों का नीरस मिश्रण था, जिसमें देश की गहरी आर्थिक तंगी, बेरोजगारी संकट और तेजी से बढ़ती आर्थिक असमानता का कोई ईमानदार जिक्र नहीं था। प्रधानमंत्री के भाषण का सबसे चिंताजनक पहलू लाल किले की प्राचीर से RSS का नाम लेना था, जो एक संवैधानिक, धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की भावना का खुला उल्लंघन है। यह अगले महीने उनके 75वें जन्मदिन से पहले संगठन को खुश करने की एक हताश कोशिश के अलावा और कुछ नहीं है। 4 जून 2024 की घटनाओं के बाद से निर्णायक रूप से कमजोर पड़ चुके प्रधानमंत्री अब पूरी तरह मोहन भागवत की कृपा पर निर्भर हैं, ताकि सितंबर के बाद उनका कार्यकाल का विस्तार हो सके। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय अवसर का व्यक्तिगत और संगठनात्मक लाभ के लिए राजनीतिकरण हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए बेहद हानिकारक है। प्रधानमंत्री थके हुए लगे। जल्द ही वे रिटायर भी होंगे। (Congress on PM Modi)

PM ने देश के तिरंगे का अपमान किया: खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि RSS (राष्ट्रीय संदिग्ध संघ) के सौ साल का इतिहास- 25 साल अंग्रेजों की मुखबिरी, 25 साल तिरंगे और संविधान का तिरस्कार, 25 साल मंदिर-मस्जिद के झगड़े, 25 साल दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ साजिश में गुजारे। प्रधानमंत्री ने इस संगठन का नाम लाल किले से लेकर इस देश के संविधान का, इस देश के तिरंगे का अपमान किया है। कर्नाटक के डिप्टी CM डी.के. शिवकुमार ने कहा कि RSS का कोई इतिहास नहीं है, RSS एक नया संगठन है, देश में कांग्रेस पार्टी का इतिहास इससे भी पुराना है। हम सब जानते हैं कि RSS ने लंबे समय तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया, और वाजपेयी जी ने इस मुद्दे पर पहल की। यह उनकी पार्टी का एजेंडा है और मैं अभी इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। (Congress on PM Modi)

RSS की बात करना स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान: प्रियांक 

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि मैं देश के लिए आरएसएस के योगदान के बारे में निश्चित नहीं हूं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने 52 सालों तक भारतीय ध्वज नहीं फहराया, और स्वतंत्रता दिवस पर, यदि प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस की प्रशंसा करने जा रहे हैं, तो वह जिस कुर्सी पर बैठे हैं, उसके साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं और वह स्वतंत्रता संग्राम के लिए लड़ने वाले भारतीयों का अपमान कर रहे हैं। आइए हम किसी भी भाजपा नेता के साथ आरएसएस के योगदान पर खुली बहस करें। प्रधानमंत्री मोदी भी इस तथ्य से सहमत हैं कि वह संविधान विरोधी, डॉ. बी आर अंबेडकर विरोधी, महिला विरोधी हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी, UPA ने हमेशा संविधान की रक्षा की है। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, क्योंकि हम राष्ट्र की रक्षा में बहुत रुचि रखते हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी ने यह संविधान दिया। नरेंद्र मोदी RSS की बात करके स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान कर रहे हैं। (Congress on PM Modi)

सरदार पटेल ने RSS पर लगाया था प्रतिबंध: मसूद 

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि RSS ने 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं दिया। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था। वे लोगों से आजाद हिंद फौज से लड़ने के लिए ब्रिटिश सेना में शामिल होने का आग्रह कर रहे थे। इसलिए उनका स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं था। उन्हें उन 52 सालों का हिसाब देना चाहिए। आप तिरंगे में विश्वास नहीं रखते थे, संविधान में विश्वास नहीं रखते थे। सरदार पटेल ने इस पर प्रतिबंध लगाया था। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि बहुत स्पष्ट बात है कि इस देश में RSS के संदर्भ में 2 दृष्टिकोण है। एक दृष्टिकोण हमारा है और दूसरा दृष्टिकोण प्रधानमंत्री मोदी और उनके साथियों का है। हमारे और उनके दृष्टिकोण में बहुत बड़ा अंतर है। यह हमारे देश के संवाद में बहुत बड़ा विषय है। मैं यह मानता हूं कि उन्हें इस विषय को आज के राष्ट्रीय एकता पर्व पर नहीं छेड़ना चाहिए था। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि लाल किले की प्राचीर से आरएसएस का नाम लेकर नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल का अपमान किया है। (Congress on PM Modi)

आजादी कांग्रेस के नेतृत्व में मिली: दलवई 

महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष हुसैन दलवई ने कहा कि देश को आजादी कांग्रेस के नेतृत्व में मिली। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आरएसएस स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा नहीं था। आज वे हिंदुत्व की बात करते हैं, लेकिन उस समय वे अंग्रेजों के एजेंट की तरह काम कर रहे थे। आज प्रधानमंत्री ने आरएसएस की सराहना की। उन्होंने आज झूठ बोला कि आरएसएस देशभक्त है और लोगों के कल्याण के लिए काम करता है। आरएसएस लोगों को बांटता है और उन्हें एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करता है। प्रधानमंत्री ने आरएसएस का समर्थन इसलिए किया क्योंकि आरएसएस और उनमें टकराव है। 75 के बाद क्या’ उनके सामने एक सवाल है। इसलिए, वे आरएसएस के लिए बोल रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि आरएसएस और वे एक-दूसरे के साथ हैं।

पीओके आजाद हो जाता तो बेहतर होता: हुसैन 

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अच्छा था, लेकिन अगर पीओके आजाद हो जाता तो यह और भी बेहतर होता। मुझे ज्यादा खुशी होती। कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से आरएसएस की तारीफ करते हुए कहा कि आरएसएस 100 सालों से देश की सेवा में समर्पित है, लेकिन प्रधानमंत्री ने देश से एक बात छिपाई, वो ये कि इन 100 सालों के शुरुआती 22 सालों में 1925 से 1947 के बीच, आरएसएस देश की सेवा में नहीं था, वो ब्रिटिश राज की सेवा में था। ऐसा नहीं है कि आरएसएस ने देश के लिए कोई काम किया हो। आरएसएस का काम मुख्य रूप से और सिर्फ और सिर्फ सत्ता में आने के लिए नफरत पैदा करना था। प्रधानमंत्री मोदी को आज देश से ये बात नहीं छिपानी चाहिए थी। (Congress on PM Modi)

Back to top button
error: Content is protected !!