हरियाणा चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस ने की समीक्षा बैठक, फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का भी गठन
Congress Review Meeting: हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कांग्रेस की बैठक हुई, जिसे लेकर AICC पर्यवेक्षक और कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हमने हरियाणा चुनाव परिणामों पर समीक्षा की है। एग्जिट पोल के बाद जिस तरह नतीजे आए उसमें जमीन और आसमान का अंतर है। इसके अलग-अलग कारणों पर चर्चा की। इस बारे में हम आगे कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुत सारे कारण हैं। चुनाव आयोग से लेकर, आपस में मतभेद से लेकर बहुत सारी चीजें हैं। सूत्र के मुताबिक हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार को लेकर कांग्रेस एक फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाएगी।
यह भी पढ़ें:- हरियाणा में कांग्रेस की हार के लिए हुड्डा जिम्मेदार: भाजपा अध्यक्ष बड़ौली
हरियाणा विधानसभा चुनाव पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि इस हार को गंभीरता से लिया जा रहा है। क्योंकि मीडिया, वहां की जनता एक स्वर में कह रही थी कि सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। इसके बावजूद ऐसा क्या हुआ कि नतीजे उसके उलट आए। इस पर गंभीरता से बैठक में चर्चा की गई। इसके कारण के तह तक जाना जरूरी है। EVM और कई तरह की आशंका हमारे कार्यकर्ताओं और लोगों के मन में है। कल हमने चुनाव आयोग से मुलाकात भी की है। समीक्षा बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई, जिसमें खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन, बाबरिया दीपक समेत कई कांग्रेस सचिव मौजूद रहे। (Congress Review Meeting)
कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष माकन ने लगाया आरोप
कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष माकन ने कहा कि सभी जानते हैं कि हरियाणा चुनाव के नतीजे अप्रत्याशित थे। चुनाव के एग्जिट पोल और रिजल्ट में जमीन-आसमान का अंतर था। हमने चुनाव परिणाम से जुड़े अलग-अलग कारणों की चर्चा की है, जिसके ऊपर हम आगे और कार्रवाई करेंगे। पूर्व CM और विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा का नतीजा बहुत ही आश्चर्यचकित करने वाला है। सभी एजेंसियों के सर्वे में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बन रही थी, लेकिन जो नतीजे आए, वो बेहद चौंकाने वाले हैं। हरियाणा के कई जिलों से शिकायतें आई हैं कि EVM के साथ छेड़छाड़ हुई है और बहुत सारी जगहों पर काउंटिंग में देरी हुई है। हमने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है। (Congress Review Meeting)
कांग्रेस नेता उदय भान ने भी की शिकायत
कांग्रेस नेता उदय भान ने कहा कि हमने चुनाव आयोग को सभी शिकायतों की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद कहा था कि हमने सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और हम सरकार बनाएंगे। इसलिए चुनाव में इस्तेमाल होने वाली EVM मशीनों की 99% बैटरी संदेह का कारण बन गई हैं। हमने बहुत सारी विधानसभाओं में रिटर्निंग ऑफिसर से VVPAT की पर्चियों के मिलान की बात कही थी, जो नहीं की गईं। चुनाव आयोग को जनता के सामने इस बारे में बात रखनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। (Congress Review Meeting)
इन्होंने की थी चुनाव आयोग से शिकायत
बता दें कि कल कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जयराम रमेश, पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन, उदय भान और डॉ एएम सिंघवी ने चुनाव आयोग से मीटिंग कर चुनाव परिणामों को लेकर शिकायत की थी। इसे लेकर पवन खेड़ा ने कहा था कि चुनाव आयोग को हमने अपनी 20 शिकायतों के बारे में जानकारी दी है। इनमें 7 शिकायतें हमारे पास लिखित में मौजूद है। इन शिकायतों में EVM के 99% बैट्री से जुड़ा मामला है, जिससे हमने चुनाव आयोग को अवगत कराया। माकन और सिंघवी ने मांग रखी है कि उन मशीनों को सील किया जाए। हम चुनाव आयोग को अगले 48 घंटे में कुछ और शिकायतें उपलब्ध कराएंगे। चुनाव आयोग ने हमें आश्वासन दिया है कि वे इसपर संज्ञान लेंगे। उन्होंने बताया है कि वे विधानसभा वार हमें सभी शिकायतों के बारे में लिखित में जानकारी देंगे। (Congress Review Meeting)



