Google Analytics —— Meta Pixel

उत्तरप्रदेश के संभल में फिर बढ़ा विवाद, सपा सांसद समेत 2700 से ज्यादा लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

Controversy increased in Sambhal: उत्तरप्रदेश के संभल जिले में हुई हिंसा के मामले में सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क और सोहेल इकबाल के खिलाफ दंगा भड़काने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। इसके साथ ही 2,750 अज्ञात लोगों के खिलाफ 7 अलग-अलग केस दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रव की घटना पर संज्ञान लिया है। वहीं डीजीपी को जिले के हालात पर नजर रखने और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुरादाबाद के कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि हिंसा के दौरान जिन 4 लोगों की मौत हुई, उन्हें तमंचे की गोली लगी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि देसी तमंचे से गोली चली थी। चारों लोगों के मौत की मजिस्ट्रेट जांच होगी।

यह भी पढ़ें:- हम संविधान से छेड़छाड़ नहीं कर सकते: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला

वहीं शाही जामा मस्जिद के सदर जफर अली ने दोपहर को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मस्जिद के हौज से सीओ ने पानी निकलवाया। यह पानी बहकर जब मस्जिद के बाहर आया तो भीड़ इकट्ठा हुई। सीओ से पूछा तो उन्होंने गाली दी और लाठी चलाई। धमकाया कि ज्यादा सवाल-जवाब करोगे तो ठोंक दूंगा। बता दें कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है, जिससे संभल में फिर तनाव बढ़ गया है। हालांकि इलाके में फोर्स बढ़ा दी गई है। साथ ही वज्र वाहन तैनात किए गए हैं। कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में जांच की जा रही है और उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। (Controversy increased in Sambhal)

800 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

उन्होंने कहा कि संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क और एक स्थानीय विधायक के बेटे के खिलाफ भड़काने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। घायलों का इलाज चल रहा है। सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो NSA भी लगाया जाएगा। संभल SP कृष्ण कुमार ने कहा कि हमारे सब-इंस्पेक्टर दीपक राठी कल घायल हो गए थे, उन्होंने 800 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिया उर रहमान बर्क और सोहेल इकबाल को आरोपी बनाया गया है। SP ने कहा कि उन्होंने भीड़ को उकसाया। जिया उर रहमान बर्क को पहले भी नोटिस दिया गया था। उन्होंने पहले भी भड़काऊ भाषण दिए थे और उन्हें ऐसा करने के लिए मना किया गया था। (Controversy increased in Sambhal)

25 लोगों को किया गया गिरफ्तार

SP कृष्ण कुमार ने कहा कि घटना में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। SP कृष्ण ने कहा कि लगभग 2750 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीकृत हुआ है। सभी लोगों की CCTV के माध्यम से पहचान की जाएगी और सभी को जेल भेजा जाएगा। घटना को लेकर उत्तरप्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि न्यायपालिका के आदेश पर संभल में सर्वे चल रहा था, जो भी घटना हुई है, वो दुखद है। घटना की जांच होगी और निष्पक्ष कार्रवाई होगी। बिहार के डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। कानून को तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। (Controversy increased in Sambhal)

लाशों पर राजनीति: भाजपा सांसद

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि लोग लाशों पर राजनीति करने का ख्वाब देखते हैं, जिनकी मृत्यु हुई वो दुखद है। जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि किसी चीज को उकसाने की बजाय शांतिपूर्ण वातावरण बने इसके लिए कोशिश करनी चाहिए। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि संभल में सर्वे न्यायालय के आदेश से हुआ था। न्यायपालिका के निर्णय पर अगर कार्यपालिका काम कर रही है। उस पर पथराव हुआ, किस तरह से ये परिस्थितियां बनीं इसकी जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह घटना विपक्ष की वजह से हुई, यह गोधरा कांड की तरह विपक्ष की पूर्व नियोजित रणनीति थी। (Controversy increased in Sambhal)

संविधान और लोकतंत्र पर हमला: केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सर्वेक्षण टीम पर हमला नहीं था बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र पर हमला था। वे देश को जलाना चाहते हैं। वे संभल को बांग्लादेश बनाना चाहते हैं, जो लोग मारे गए, वे हमलावरों की गोली से मारे गए, पुलिस की गोली से नहीं, यह पोस्टमार्टम से स्पष्ट है। देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। राज्य मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि संभल की घटना प्रेरित घटना लगती है। कोर्ट ने सर्वे का आदेश दिया है और उस आदेश का पालन करना सभी का कर्तव्य है। अगर कोई उससे असहमत है तो उसके लिए दूसरे मंच हैं, वो न्यायपालिका के सामने अपनी बात रख सकता है, लेकिन गुंडागर्दी करना और कानून व्यवस्था को तोड़ना किसी का भी अधिकार है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि जहां भी दंगा होता है, वहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का लिंक होता है। संभल में जो घटना हुई, उसमें समाजवादी पार्टी पूरी तरह से इन्वॉल्व है। (Controversy increased in Sambhal)

Back to top button
error: Content is protected !!