नारायणपुर में पेड़ पर बैठे तोते को उतारने फायर ब्रिगेड ने बरसाया पानी, भीषण गर्मी के बीच हजारों लीटर खपत पर मचा बवाल

Controversy on Parrot Rescue: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक ऐसे घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है, जहां एक पेड़ पर बैठे पालतू तोते को नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड ने हाई प्रेशर पानी की बौछार की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला OBC बॉयज हॉस्टल परिसर के पास का है, जहां अचानक एक तोता पेड़ की ऊंची डाल पर जाकर बैठ गया और लंबे समय तक नीचे नहीं उतर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक काफी प्रयासों के बाद भी जब तोता नीचे नहीं आया तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें:- महिला आरक्षण को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में 27 अप्रैल को विशेष सत्र, विपक्ष का हमला, कहा- केंद्र के दबाव में सत्र
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने पानी की तेज बौछारें डालकर तोते को नीचे लाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुछ देर की मशक्कत के बाद तोता नीचे आ गया, जिसके बाद उसे एक युवक ने उठा लिया। इस दौरान हजारों लीटर पानी के दुरुपयोग की बात भी सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा के इस उपयोग पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ऐसी सेवाओं का उपयोग आगजनी, दुर्घटनाओं और आपात स्थिति में होना चाहिए। (Controversy on Parrot Rescue)

वहीं कुछ लोगों ने भीषण गर्मी और जल संकट के बीच पानी के दुरुपयोग को लेकर नाराजगी भी जताई है और इसे सरकारी संसाधनों की बर्बादी बताया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तोता किसका था। सोशल मीडिया पर कुछ दावे किए जा रहे हैं कि यह किसी अधिकारी का पालतू तोता हो सकता है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इस घटना को लेकर फायर ब्रिगेड या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि जिला सेनानी मनोहर लाल चौहान ने अजीबोगरीब सफाई दी है। पहले उन्होंने कहा कि गाड़ी का प्रेशर पॉइंट खराब था, जिसकी मरम्मत के बाद टेस्टिंग की जा रही थी। फिर बाद में कहा कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह का अधूरा डेमो पूरा किया जा रहा था।
सवालों के घेरे में प्रक्रिया
जिम्मेदार अधिकारी की सफाई में विरोधाभास ने मामले को और गंभीर बना दिया है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों ने बताया कि पुराने मानसरोवर क्षेत्र में आग लगी थी, तब समय पर संसाधन नहीं मिलने से एक शख्स की जान चली गई थी। आज वही प्रशासन एक तोते के लिए पलक झपकते ही हाजिर हो गया। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी संसाधनों के उपयोग और प्राथमिकताओं को लेकर बहस छेड़ दी है। लोगों का कहना है कि जहां एक तरफ आपातकालीन सेवाएं अक्सर संसाधनों की कमी से जूझती हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में उनके उपयोग पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल यह मामला चर्चा में है और प्रशासनिक स्तर पर इसकी समीक्षा की बात कही जा रही है। (Controversy on Parrot Rescue)

नारायणपुर की यह घटना अब सिर्फ एक तोता रेस्क्यू तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सरकारी संसाधनों के उपयोग, प्रशासनिक प्राथमिकताओं और जवाबदेही पर एक बड़ा सवाल बनकर सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद जिस तरह से अलग-अलग सफाई और स्पष्टीकरण सामने आए हैं, उन्होंने मामले को और ज्यादा उलझा दिया है। एक ओर जहां लोग इसे संसाधनों की अनावश्यक खपत और गलत प्राथमिकता का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी लगातार उठ रहा है कि क्या आपातकालीन सेवाओं का उपयोग तय मानकों के अनुसार हो रहा है या परिस्थितियों के अनुसार बदल रहा है। अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी, या फिर यह मामला भी सोशल मीडिया की बहसों तक सिमटकर रह जाएगा।



