Google Analytics —— Meta Pixel

भीलवाड़ा में शराब समझकर पीया जहरीला केमिकल, 4 लोगों की मौत, एक महिला की हालत गंभीर

Death Due to Toxic Chemicals: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शराब समझकर जहरीला केमिकल पीने से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला आलोली गांव का है। सभी मृतक मजदूर वर्ग से जुड़े बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी को गांव में एक शादी समारोह था। परिवार की ओर से घर के बाहर खेत में पांडाल लगाया गया था। समारोह के बाद बर्तनों की सफाई के लिए केमिकल मंगवाया गया था। आरोप है कि सफाई काम में लगे कुछ लोग शराब की बोतल समझकर चार प्लास्टिक की बोतलें अपने साथ ले गए, जिनमें पानी जैसा लिक्विड भरा था।

यह भी पढ़ें:- भारतीय पासपोर्ट की बढ़ी वैश्विक ताकत, दुनिया में मजबूत हुआ भारत का पासपोर्ट

आशंका है कि 12 फरवरी की शाम को इन लोगों ने अपने घर पर इस लिक्विड को शराब समझकर पी लिया। केमिकल पीने के कुछ ही मिनटों बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गई। पड़ोसियों की मदद से उन्हें गंगापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात को जमनी (उम्र 60), शंकर कंजर (उम्र 42) और उसकी पत्नी सुशीला (उम्र 40) की मौत हो गई। दो महिलाओं को गंभीर हालत में भीलवाड़ा के अस्पताल रेफर किया गया। इनमें बादामी (उम्र 60) पत्नी जानकी लाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि पप्पू लाल कंजर की पत्नी सनू (उम्र 22) की हालत गंभीर बनी हुई है। (Death Due to Toxic Chemicals)

अस्पताल में भर्ती सनू उर्फ सुशीला की देवरानी सीता देवी ने गंगापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शादी समारोह में बर्तन साफ करने गए लोग चोरी-छिपे चार बोतलें घर ले आए थे, जिन्हें सुशीला ने घर में छिपा दिया था। 12 फरवरी को सीता देवी गंगापुर गई हुई थी। इसी दौरान सुशीला, बादामी, जमनी देवी और रतलाल ने शराब समझकर लिक्विड पी लिया। शाम को घर लौटने पर चारों की हालत खराब थी। महात्मा गांधी अस्पताल के डॉ. चेतन के मुताबिक एक मृतक के पेट में जहरीला लिक्विड मिला है, जो शराब या किसी केमिकल का हो सकता है। (Death Due to Toxic Chemicals)

भीलवाड़ा एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शादी समारोह से खाना गर्म करने वाला फ्यूल लाया गया था, जिसे शराब समझकर पी लिया गया। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह लिक्विड भीलवाड़ा शहर के लक्ष्मीनारायण क्षेत्र स्थित माहेश्वरी केमिकल से आया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की और केमिकल के सैंपल जब्त किए। एफएसएल की टीम ने भी शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (Death Due to Toxic Chemicals)

Back to top button
error: Content is protected !!