कश्मीर पाकिस्तान नहीं बनेगा, मेहरबानी करके हमें इज्जत से रहने दीजिए: फारूक अब्दुल्ला

Farooq Abdullah on Terrorism: जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल के गगनगीर में हुए आतंकी हमले को लेकर JKNC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दर्दनाक घटना है। इन दरिंदों को इससे क्या मिलेगा। क्या वो समझते हैं इससे यहां पाकिस्तान बनेगा? मैं पाकिस्तान के हुक्मरानों से कहना चाहता हूं कि अगर वे सच में हिन्दुस्तान के साथ दोस्ती चाहते हैं तो ये बंद करें। कश्मीर पाकिस्तान नहीं बनेगा। हमें मेहरबानी करके हमें इज्जत से रहने दीजिए। तरक्की करने दीजिए। कब तक आप लोग हमें मुसीबत में डालते रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सोनमर्ग क्षेत्र के गगनगीर में गैर-स्थानीयों पर कायरतापूर्ण और नृशंस हमले की बेहद दुखद खबर है। मैं निहत्थे निर्दोष लोगों पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा करता हूं और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। जम्मू-कश्मीर के डिप्टी CM सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है। मैं भगवान से प्रार्थना करूंगा कि पीड़ित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दे। थोड़ा समय लगेगा, लेकिन हालात सुधरेंगे। उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने अपने बयान दिए हैं और मामले की जांच की जा रही है। (Farooq Abdullah on Terrorism)
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में आतंकी हमले में एक डॉक्टर और प्रवासी मजदूरों समेत कई लोगों की हत्या बहुत ही कायरतापूर्ण और अक्षम्य अपराध है। सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। आतंकियों का यह दुस्साहस जम्मू-कश्मीर में निर्माण का क्रम और लोगों का विश्वास कभी नहीं तोड़ पाएगा। आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। इस मुश्किल समय में कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है। (Farooq Abdullah on Terrorism)
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जहां कई निर्माण श्रमिक और एक डॉक्टर मारे गए हैं। लक्षित हिंसा का यह अमानवीय और घृणित कृत्य भारत को जम्मू-कश्मीर में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के निर्माण में बाधा नहीं डालेगा। एक राष्ट्र के रूप में, हम आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में एक साथ हैं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आतंकवादी हमले में राज्य के तीन मजदूरों की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। (Farooq Abdullah on Terrorism)



